बाबर को चाहिए तीनों फॉर्मेट की कप्तानी: पाकिस्तानी बोर्ड ने शर्त मानी; बाबर से पहले सलमान से भी कप्तानी की बात हुई थी
Published: Updated:
3 min read

बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान टीम ने 20 टेस्ट खेले, जिसमें से 10 जीते और 6 हारे थे। 4 टेस्ट ड्रॉ रहे थे। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक बार फिर टेस्ट टीम की कप्तानी बाबर आजम को सौंप दी है। हालांकि बाबर को कप्तानी के लिए मनाना इतना आसान नहीं था। इस बैटर ने बोर्ड के सामने शर्त रखी थी कि उसे यदि तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) की कप्तानी देंगे तभी वो हां करेंगे।
PCB ने उनकी यह शर्त मान ली है। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के बाद बाबर को बाकी दो फॉर्मेट की कप्तानी भी सौंपी जा सकती है। बाबर से पहले सलमान अली आगा से भी कप्तानी को लेकर बात हुई थी। उनके मना करने के बाद बाबर के अलावा कोई ऑप्शन नहीं बचा था।
यह दावा टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट्स ने अपनी रिपोर्ट में किया है। इसके बाद ही वेस्टइंडीज दौरे के लिए पाकिस्तान टेस्ट टीम की कप्तानी बाबर को मिली। रिपोर्ट में एक सोर्स के हवाले से लिखा- टीम और कप्तान के सिलेक्शन से ठीक पहले दो सिलेक्टर्स ने 5 जुलाई को बाबर से मुलाकात की थी।

बाबर के अलावा कोई ऑप्शन नहीं था
सिलेक्टर्स के पास टेस्ट में कप्तानी के लिए बाबर के अलावा कोई ऑप्शन नहीं था। तब बाबर ने एक शर्त पर यह कप्तानी स्वीकार की। उन्होंने शर्त रखी कि बाकी दो फॉर्मेट की कप्तानी उन्हें ही दी जाए।
इस समय पाकिस्तान की ODI टीम के कप्तान पेसर शाहीन शाह अफरीदी हैं। वे भी सिलेक्शन कमेटी से खुश नहीं हैं, क्योंकि 2024 में उन्हें टी20 की कप्तानी देकर एक ही सीरीज के बाद हटा दिया था। पाकिस्तान टीम शाहीन की कप्तानी में न्यूजीलैंड से टी20 सीरीज हारी थी।
कप्तानी के लिए पहले सलमान से बात हुई
दूसरी ओर टेस्ट में शान मसूद कप्तानी संभाल रहे थे। उनकी कप्तानी में 2023 से टीम को 16 में से 12 टेस्ट में हार मिली थी। शान को कप्तानी कप्तानी से हटाने के बाद सिलेक्टर्स सलमान अली आगा के पास गए थे, लेकिन सलमान ने इस कमजोर टीम की कप्तानी करने से मना कर दिया था।

सलमान T20I वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान टीम के कप्तान थे। वे अपने डिफेंसिव रवैये के लिए जाने जाते हैं, जिसकी आलोचना भी हुई। इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम का सफर सेमीफाइनल से पहले ही खत्म हो गया।
बाबर ने 2023 में कप्तानी छोड़ी थी
बाबर ने नवंबर 2023 में कप्तानी छोड़ दी थी। तब वे तीनों फॉर्मेट के कप्तान थे। उस समय बाबर से कहा था कि वे टेस्ट की कप्तानी कर सकते हैं, लेकिन वे एक फॉर्मेट के कप्तानी नहीं रहना चाहते थे।
सोर्स ने कहा कि तब PCB के चेयरमैन जका अशरफ थे। भारत में हुए 2023 वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम पहले ही राउंड में बाहर हो गई थी, तब जका बाबर को कप्तानी से हटाना चाहते थे। जका अशरफ ने बाबर को मीटिंग के लिए बुलाया था, लेकिन जब उन्हें पता चला कि शान पहले से ही चेयरमैन के ऑफिस में बैठे हैं, तो बाबर ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था।

