हरमनप्रीत की जगह कप्तानी को तैयार मंधाना : कहा- मौका मिला तो पूरी जिम्मेदारी निभाऊंगी; 22 मैच में टीम इंडिया की कमान संभाल चुकीं
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन वुमन्स क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कप्तानी को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें टीम की कमान संभालने का मौका मिलता है, तो वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। मंधाना का कहना है कि उपकप्तान के तौर पर मिले अनुभव ने उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए तैयार किया है। फिलहाल, टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं।
हरमनप्रीत की जगह कप्तानी के लिए तैयार स्मृति
दरअसल, द टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह हरमनप्रीत की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी संभालने के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब दिया, हां, बिल्कुल। मैं तैयार हूं।

उपकप्तान के तौर पर मिला बड़ा अनुभव
स्मृति का मानना है कि पिछले कुछ सालों में उपकप्तान रहते हुए उन्होंने टीम को काफी करीब से समझा है। कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ काम करते हुए उन्हें टीम मैनेजमेंट, खिलाड़ियों को संभालने और मैच के दौरान फैसले लेने का अच्छा अनुभव मिला है। यही अनुभव उन्हें कप्तानी के लिए आत्मविश्वास देता है।

कप्तानी में रिकॉर्ड
स्मृति ने अब तक 18 टी20 इंटरनेशनल और 4 वनडे मुकाबलों में भारतीय टीम की कप्तानी की है। इन 22 मैचों में भारत ने 15 मुकाबले जीते हैं। सबसे खास बात यह है कि वनडे में उनकी कप्तानी में भारत ने चारों मैच जीते हैं, यानी इस फॉर्मेट में उनका जीत का रिकॉर्ड 100% है। यही वजह है कि उन्हें फ्यूचर में हरमनप्रीत कौर का सबसे मजबूत विकल्प माना जा रहा है।

