इंडिया मेरा दूसरा घर: शेन वॉटसन बोले- भारतीयों ने मुझे कभी जज नहीं किया, यहां का शाकाहारी खाना भी शानदार
Published:
5 min read

शेन वॉटसन ने IPL में 145 मैच खेले और 3,874 रन बनाए। इसमें 4 सेंचुरी और 21 फिफ्टी शामिल हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने भारत को अपना ‘दूसरा घर’ बताया है। भारतीय क्रिकेट और यहां के फैंस से अपने खास रिश्ते को याद करते हुए वॉटसन ने कहा कि उन्हें भारत में ऑस्ट्रेलिया के मुकाबले ज्यादा प्यार और अपनापन मिला। उन्होंने यह बात सिडनी में भारत का कॉन्सुलेट की ओर से आयोजित भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कही। वॉटसन ने बताया कि भारत और भारतीय क्रिकेट फैंस ने उनके जीवन और करियर पर बहुत गहरा असर डाला है। उन्होंने यह भी कहा कि 2008 में IPL शुरू होने के बाद भारत से उनका जुड़ाव और मजबूत हो गया।
भारतीय फैंस के प्यार को कभी नहीं भूला
‘द ऑस्ट्रेलिया टुडे’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वॉटसन का एक वीडियो शेयर किया। इसमें वह भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर करते नजर आए। वॉटसन ने कहा कि उनके लिए यह बेहद खास मौका है। उन्होंने माना कि क्रिकेट खेलने के दौरान उन्हें जो करियर मिला, उसमें भारतीय लोगों और यहां के क्रिकेट फैंस के प्यार का भी बड़ा योगदान रहा है। उनका कहना था कि वह इस प्यार और समर्थन को कभी हल्के में नहीं लेते।

ऑस्ट्रेलिया से ज्यादा भारत में मिला अपनापन
शेन वॉटसन ने कहा- भारत में उन्हें हमेशा एक अलग तरह का अपनापन महसूस हुआ। उन्होंने बताया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए लंबे समय तक क्रिकेट खेला, लेकिन भारत में उन्हें खुद को ज्यादा स्वागत और समर्थन मिला। वॉटसन के मुताबिक, 2008 में IPL की शुरुआत उनके कॅरियर के लिए भी खास समय था। उन्होंने IPL में अच्छा प्रदर्शन किया और इसके बाद भारत के लोगों से उन्हें लगातार काफी समर्थन मिलने लगा।
वॉटसन ने आगे कहा- इंडिया में क्रिकेट को लेकर लोगों में जबरदस्त जुनून है। लेकिन मुझे सबसे अच्छी बात ये लगी कि यहां के फैंस ने सिर्फ अच्छे प्रदर्शन पर ही मेरा साथ नहीं दिया। जब मेरा परफोमेंस खराब भी रहा, तब भी मुझे ऐसा नहीं लगा कि लोग मुझे ज्यादा जज कर रहे हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में अच्छा खेलो तो खूब सपोर्ट मिलता है, लेकिन खराब दौर आने पर लोगों की आलोचना भी काफी बढ़ जाती है।
IPL ने भारत से रिश्ता और मजबूत किया
वॉटसन ने अपने इंटरनेशनल कॅरियर के दौरान 2002 से 2016 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए क्रिकेट खेला और इस दौरान भारत का दौरा भी किया। इसके अलावा वह लंबे समय तक IPL का हिस्सा रहे। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों के लिए खेला। मौजूदा समय में वह कोलकाता नाइट राइडर्स के असिस्टेंट कोच हैं।
IPL में खेलने के कारण वॉटसन को भारत में काफी समय बिताने का मौका मिला। यही वजह है कि भारतीय क्रिकेट और यहां के लोगों से उनका रिश्ता सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा।

19 साल की उम्र में पहली बार आए थे भारत
वॉटसन ने भारत के साथ अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए बताया कि वह पहली बार 19 साल की उम्र में भारत आए थे। उस समय वह क्रिकेट अकादमी में थे। इसके बाद करीब 20 साल से ज्यादा समय में उन्होंने भारत को तेजी से बदलते और आगे बढ़ते देखा है।इतने लंबे समय में भारत में हुए बदलावों को अपनी आंखों के सामने देखना उनके लिए सौभाग्य की बात है। वॉटसन आज भी भारत आने और यहां के लोगों से मिलने के मौके को बेहद खास मानते हैं।
भारतीय शाकाहारी खाना भी है वॉटसन को पसंद
शेन वॉटसन ने भारत की शाकाहारी खाने की वैरायटी और स्वाद की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि ऑस्ट्रेलिया में बड़े होने के दौरान बारबेक्यू का काफी चलन है और उन्हें बारबेक्यू पसंद भी है। लेकिन भारत की खासियत यह है कि यहां उन्हें शानदार शाकाहारी खाना खाने को मिलता है।
वॉटसन ने कहा कि भारत में वह अक्सर शाकाहारी खाना ही खाना पसंद करते हैं, क्योंकि उसका स्वाद उन्हें बहुत अच्छा लगता है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में मिलने वाले शाकाहारी खाने को उन्होंने कई बार फीका और साधारण बताया। उनके मुताबिक, भारत में शाकाहारी खाने में स्वाद और विकल्प दोनों की कमी नहीं है।
ये भी पढ़ें: WTC में टीम इंडिया को 5.18% का फायदा: अब भी फाइनल की राह मुश्किल, 8 में से 5 टेस्ट जीतना जरूरी; देखें सिनेरियो

ऑस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ी का भारत से खास रिश्ता
शेन वॉटसन का ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के दौरान भी वह कई बार भारत आए। बाद में IPL ने उन्हें भारतीय क्रिकेट और फैंस के और करीब ला दिया। यही वजह है कि आज वह भारत को अपना ‘दूसरा घर’ कहते हैं और यहां मिले प्यार को अपने करियर की खास यादों में शामिल करते हैं।
ये भी पढ़ें: एक सिक्स लगाओ मैं तुम्हें IPL में ले जाउंगा: यशस्वी के माइंड गेम में फंसकर श्रीलंका के डिकवेला आउट, VIDEO वायरल

