शाहीन के साथ एटीट्यूड की प्रोब्लम: रमीज राजा बोले- अफरीदी 100% फोकस्ड नहीं रहता, वो चोट से भी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ
Published: Updated:
4 min read

शाहीन शाह अफरीदी ने अप्रैल 2018 में पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद, उन्होंने दिसंबर 2018 में टीम के लिए अपना पहला टेस्ट डेब्यू खेला। (फोटो सोर्स- @सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर रमीज राजा (Ramiz Raja) ने पेसर शाहीन अफरीदी (Shaheen Shah Afridi) की चोट, परफॉर्मेंस और एटीट्यूड को लेकर चिंता जताई है। साथ ही टीम के माहौल पर भी सवाल उठाए हैं। रमीज ने कहा कि शाहीन घुटने की चोट के बाद अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं।
रमीज ने कहा कि ऐसी खबरें भी हैं कि टीम के अंदर अफरीदी का एटीट्यूड ठीक नहीं है। वो डगआउट में 100% फोकस्ड नहीं रहता है। हालांकि रमीज ने यह भी क्लियर किया कि वे शाहीन के साथ ज्यादा रहे नहीं है, इस कारण उनके एटीट्यूड के बारे में ज्यादा कुछ कह नहीं सकते।
‘शाहीन 100% फिट नहीं हैं’
एक इंटरनेशनल पॉडकास्ट में रमीज राजा से शाहीन के पाकिस्तान के टेस्ट सेटअप से बाहर रहने को लेकर सवाल किया गया। रमीज ने कहा - मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि शाहीन के साथ क्या हुआ है। घुटने की चोट के बाद वह अभी पूरी तरह से फिट नहीं हैं। हालांकि, शाहीन के रवैये को लेकर भी बातें हो रही हैं। मैं शाहीन को इतना अच्छी तरह नहीं जानता कि उनके रवैये पर कोई राय दे सकूं।

‘टीम का माहौल भी प्रदर्शन पर असर डालता है’
रमीज ने कहा कि ड्रेसिंग रूम में ऐसी धारणा है कि शाहीन हर समय टीम और खेल से पूरी तरह जुड़े हुए नजर नहीं आते। उन्होंने कहा - मूड स्विंग, टीम में सही तरीके से ट्रीटमेंट न मिलना और एडमिनिस्ट्रेटिव लापरवाही जैसी चीजों का असर प्लेयर की परफॉर्मेंस पर पड़ सकता है।
यंग प्लेयर को सिर्फ व्हाइट-बॉल स्पेशलिस्ट न बनाएं - रमीज
रमीज राजा ने पाकिस्तान के यंग प्लेयर को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा - कुछ प्लेयर्स को अभी से व्हाइट-बॉल स्पेशलिस्ट और लिमिटेड-ओवर्स स्पेशलिस्ट के तौर पर देखा जा रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट के लिए यह सोच सही नहीं है। ऐसे यंग प्लेयर तैयार करने चाहिए, जो टेस्ट क्रिकेट की मुश्किल चुनौतियों का भी सामना कर सकें।
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेलना सही है - रमीज
रमीज ने कहा - इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में टेस्ट सीरीज खेलना यंग प्लेयर्स के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका होता है। खासकर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पूरी दुनिया की नजर खिलाड़ियों पर रहती है। पाकिस्तान को अपने युवा खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट के लिए भी तैयार करना जरूरी है, ताकि वे विदेशी दौरों में टीम के काम आ सकें।

शाहीन टेस्ट टीम से बाहर
शाहीन अफरीदी पिछले कुछ समय से फिटनेस और वर्कलोड की समस्या से जूझ रहे हैं। दिसंबर 2025 में बिग बैश लीग के दौरान उनके दाहिने घुटने में चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने रिहैबिलिटेशन किया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले मैदान पर वापसी कर ली थी।
हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में उनकी फिटनेस और गेंदबाजी की रफ्तार को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसी वजह से पाकिस्तान ने उन्हें हाल की टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ रेड-बॉल टीम से बाहर रखा। यानी शाहीन इस समय इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की टीम का हिस्सा नहीं हैं।
डोमेस्टिक क्रिकेट में वापसी
टेस्ट टीम से बाहर होने के बाद शाहीन ने अगस्त 2026 में नेशनल चैंपियंस कप के फाइनल में उन्होंने पाकिस्तान गोल्ड टीम की कप्तानी की। शाहीन ने सिर्फ 8.3 ओवर में 36 रन देकर 7 विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने हैट्रिक भी अपने नाम की।
इंग्लैंड के पूर्व गेंदबाज ने भी सवाल उठाया
शाहीन को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट टीम में नहीं चुने जाने पर पूर्व इंग्लिश पेसर डैरेन गॉफ ने भी हैरानी जताई। उनका मानना है कि इंग्लैंड की कंडीशन में शाहीन पाकिस्तान के लिए काफी असरदार हो सकते थे। ऐसे में रमीज राजा का बयान इम्पॉर्टेंट हो जाता है।

