वर्ल्ड कप 2027 के नए फॉर्मेट से स्कॉटलैंड-नीदरलैंड्स नाखुश : बोले- वर्ल्ड कप से 18 महीने पहले बदलाव, एसोसिएट टीमों को मौके कम मिलेंगे
Published:
3 min read

स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स क्रिकेट टीम (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. वनडे वर्ल्ड कप 2027 के नए फॉर्मेट को लेकर स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स ने ICC पर सवाल उठाए हैं। दोनों क्रिकेट बोर्ड ने फॉर्मेट और क्वालिफिकेशन में किए गए बदलावों पर नाराजगी जताई है। दोनों बोर्ड ने कहा कि वर्ल्ड कप शुरू होने में 18 महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे समय पर इतने बड़े बदलाव करना सही नहीं है। इससे एसोसिएट टीमों को नुकसान हो सकता है।
कम मौके मिलने का डर
स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स ने कहा कि क्रिकेट को ग्लोबल बनाने की बात हो रही है। ऐसे में उभरती टीमों को बड़े टूर्नामेंट में खेलने के ज्यादा मौके मिलने चाहिए। दोनों बोर्ड ने कहा कि नया सिस्टम एसोसिएट टीमों के लिए वर्ल्ड कप तक पहुंचने का रास्ता और मुश्किल कर सकता है।
ये भी पढ़ें: रहाणे रिटायरमेंट का वीडियो बनाकर खूब रोए: कहा- सचिन ने सबसे पहले कॉल किया, उन्हें लगा मैं और ज्यादा खेल सकता था

बोले- हमसे सलाह तक नहीं ली
दोनों बोर्ड ने ICC के फैसले लेने के तरीके पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि एसोसिएट मेंबर्स को बदलावों पर ठीक से बात करने का मौका नहीं दिया गया। उनका कहना है कि इतने बड़े फैसले से पहले सभी प्रभावित टीमों से कंसल्टेशन होना चाहिए था।
क्या है वर्ल्ड कप 2027 का नया फॉर्मेट?
वर्ल्ड कप 2027 में कुल 14 टीमें खेलेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत सुपर सीरीज से होगी। सबसे कम रैंक वाली 3 टीमें पहले राउंड में आपस में खेलेंगी। इनमें से सिर्फ 1 टीम अगले राउंड में पहुंचेगी।इसके बाद कुल 12 टीमें 2 ग्रुप में बांटी जाएंगी। दोनों ग्रुप में 6-6 टीमें होंगी। यहां से कुल 7 टीमें सुपर-7 राउंड में पहुंचेंगी। सुपर-7 में सभी टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी। इसके बाद टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी।

ICC ने बताया नया सिस्टम क्यों बनाया
ICC का कहना है कि नए फॉर्मेट से मुकाबले ज्यादा कॉम्पिटिटिव होंगे। साथ ही टूर्नामेंट की शुरुआत से ही हर मैच का महत्व बढ़ेगा। लेकिन स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स को डर है कि इस बदलाव से एसोसिएट टीमों के लिए वर्ल्ड कप का रास्ता पहले से ज्यादा मुश्किल हो जाएगा।
3 देशों के पास वर्ल्ड कप 2027 की होस्टिंग
वनडे वर्ल्ड कप 2027 की होस्टिंग साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। ICC ने टूर्नामेंट के लिए 12 होस्ट शहरों का ऐलान किया है। इनमें सबसे ज्यादा 8 वेन्यू साउथ अफ्रीका में होंगे। जिम्बाब्वे के 3 शहरों और नामीबिया की राजधानी विंडहोक में भी मैच खेले जाएंगे। फाइनल जोहानसबर्ग के वांडरर्स या केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: हार्दिक के लिए 5 IPL टीमें दावेदार: DC से अक्षर के बदले MI की डील संभव, कोलकाता-लखनऊ को नए कप्तान की तलाश

