सरफराज ने 17 किलो वजन घटाया: कश्मीर में तैयारी की, 19 महीने बाद टीम इंडिया के लिए खेलेंगे; 15 से श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट
Published:
5 min read

भारतीय क्रिकेटर सरफराज खान ने एक तय रूटीन और मेहनत के जरिए करीब 17 किलो वजन कम किया है।
स्पोर्ट्स डेस्क. चोटिल साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट की सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। करीब 19 महीने तक टेस्ट टीम से बाहर रहने के दौरान सरफराज ने अपनी फिटनेस, खान-पान और बल्लेबाजी पर मेहनत की और करीब 17 किलो वजन कम किया। अब श्रीलंका के खिलाफ वापसी के बाद उनकी नजर टीम में जगह पक्की करने पर है।
19 महीने बाद सरफराज की वापसी
सरफराज ने आखिरी टेस्ट न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला था। उस सीरीज में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों क्लीन स्वीप से हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद सरफराज लगातार टीम से बाहर होते गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने के बावजूद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठते रहे। ऐसे में सरफराज ने अपनी फिटनेस पर खास ध्यान देना शुरू किया। करीब डेढ़ साल मेहनत की और खुद को पहले से ज्यादा फिट और फुर्तीला बनाया।

17 किलो वजन घटाने के पीछे कड़ी मेहनत
सरफराज की फिटनेस में आए बदलाव के पीछे उनके ट्रेनर नौशाद की भी अहम भूमिका रही। ट्रेनिंग के साथ-साथ उन्होंने अपने खान-पान पर भी काफी कंट्रोल किया। उनकी कोशिश सिर्फ वजन कम करने की नहीं थी, बल्कि शरीर को मजबूत और मैदान पर ज्यादा चुस्त बनाने की थी।
वजन घटाने के इस सफर में सरफराज ने अपनी पसंदीदा बिरयानी तक से दूरी बना ली। उनके पिता नौशाद के मुताबिक- करीब डेढ़ महीने तक घर में रोटी और चावल तक नहीं बनाए गए। खाने में ब्रोकली, गाजर, खीरा, सलाद, हरी सब्जियां, ग्रिल्ड फिश, ग्रिल्ड चिकन, उबला चिकन और अंडे जैसी चीजें शामिल थीं।
इसके अलावा सरफराज ने चीनी, मैदा और बेकरी की चीजों से भी दूरी बनाई। वह ग्रीन टी और ग्रीन कॉफी भी लेते थे। एवोकाडो और स्प्राउट्स भी उनकी डाइट का हिस्सा रहे। इस सख्त डाइट और ट्रेनिंग का असर कुछ ही समय में दिखने लगा और उन्होंने करीब डेढ़ महीने में 10 किलो वजन कम कर लिया था।
ये भी पढ़ें: सौरव गांगुली और पत्नी डोना को जान का खतरा: 6 महीने से मिल रहे धमकी भरे लेटर में लिखा- फैमिली को खत्म कर देंगे

ऋषभ पंत ने आइडिया दिया था
सरफराज ने फिटनेस पर काम करते हुए सिर्फ ट्रेनिंग और डाइट पर ही भरोसा नहीं किया। उन्होंने एक शेफ की मदद भी ली, जिसे ऋषभ पंत ने एडवाइज किया था। इसका मकसद ऐसा खाना तैयार करना था जिससे सरफराज फिट रहने के साथ अपनी क्रिकेट की जरूरतों के हिसाब से ताकत और ऊर्जा भी बनाए रख सकें। यानी उनकी वापसी सिर्फ वजन कम करने की कहानी नहीं है। इसके पीछे फिटनेस, डाइट, बल्लेबाजी की तकनीक और मानसिक मजबूती पर लगातार काम करने की पूरी कोशिश रही है।

मुंबई की बारिश नहीं रोक पाई ट्रेनिंग
सरफराज ने फिटनेस के साथ अपनी बल्लेबाजी पर भी काम जारी रखा। मुंबई में बारिश के कारण नियमित ट्रेनिंग करना मुश्किल हुआ तो उन्होंने कश्मीर का रुख किया। वह अपने पिता के साथ श्रीनगर पहुंचे और शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में नेट सेशन किए। इसके अलावा उन्होंने मुंबई के BKC में भी अभ्यास किया। कश्मीर में ट्रेनिंग का मकसद मुश्किल परिस्थितियों में ज्यादा समय बिताना और अपनी बल्लेबाजी की कमियों पर काम करना था।
टीम से बाहर रहने के बाद भी नहीं टूटा हौसला
जब सरफराज को शुरुआत में श्रीलंका सीरीज के लिए टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली थी, तब उन्होंने 2019 की फिल्म जर्सी की एक तस्वीर शेयर की थी। इसके साथ उन्होंने लिखा था, I may not fit in, but I’ll fight with everything I’ve got.
अब साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद उन्हें आखिरकार टीम में वापस बुला लिया गया है। यानी जिस खिलाड़ी ने बाहर रहते हुए खुद को बदलने की ठानी थी, उसे अब अपनी मेहनत साबित करने का मौका मिल गया है।

उनका वजन उनके क्रिकेट के आड़े नहीं आना चाहिए
सरफराज की फिटनेस को लेकर पहले कई बार सवाल उठे थे। उनके वजन को लेकर आलोचना भी हुई। इस पर पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने उनका सपोर्ट किया था। गावस्कर ने कहा था कि अगर क्रिकेट टीम के लिए सिर्फ पतले और फिट दिखने वाले खिलाड़ियों की जरूरत है, तो फिर खिलाड़ियों को फैशन शो से चुनना चाहिए। उनका कहना था कि क्रिकेट में सिर्फ शरीर का आकार नहीं, बल्कि मैदान पर प्रदर्शन भी मायने रखता है।
वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल ने भी सरफराज का सपोर्ट किया था। उन्होंने कहा था कि सरफराज को टेस्ट टीम में होना चाहिए और उनका वजन उनके क्रिकेट के आड़े नहीं आना चाहिए।
श्रीलंका की पिच में होगा टेस्ट
श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। वहां की पिचों पर स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। भारतीय बल्लेबाजों ने इसी को ध्यान में रखते हुए अभ्यास के दौरान सूखी और दरार वाली पिच पर बल्लेबाजी की।
सरफराज ने भी रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार और सारांश जैन जैसे स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी की प्रैक्टिस की। टीम में कई खिलाड़ी चोटिल हैं, ऐसे में सरफराज की वापसी से भारत को एक और अच्छा विकल्प मिल गया है।
ये भी पढ़ें: 2027 ODI वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी कप्तान कौन?: शाहीन अफरीदी बोले- अभी तक तो मैं ही हूं; बाबर भी कप्तानी के दावेदार
ये भी पढ़ें: बाबर आजम को इंग्लिश मीडिया से दूर रखें: राशिद लतीफ की PCB को अजीब सलाह, बोले- शान मसूद को इंटरव्यू के लिए भेजें

