2027 ODI वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी कप्तान कौन?: शाहीन अफरीदी बोले- अभी तक तो मैं ही हूं; बाबर भी कप्तानी के दावेदार
Published: Updated:
4 min read

अगस्त 2026 तक शाहीन शाह अफरीदी पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के लिए 11 वनडे मैचों में कप्तानी कर चुके हैं। अक्टूबर 2025 में उन्हें मोहम्मद रिजवान की जगह पाकिस्तान का 32वां वनडे कप्तान बनाया गया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप से पहले अपनी कप्तानी को लेकर चल रही कई तरह की रिपोर्ट्स पर जवाब दिया है। नेशनल चैंपियंस कप 2026 से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि क्या वह 2027 वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान की कप्तानी करेंगे?
इस पर शाहीन ने मुस्कुराते हुए कहा, 'अभी तक तो मैं ही कप्तान हूं।'
उनका यह जवाब संकेत देता है कि फिलहाल पाकिस्तान की ODI टीम की कमान उन्हीं के हाथ में रहेगी। 2027 वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है।
इस तरह अफरीदी को कप्तानी मिली
शाहीन अफरीदी को पाकिस्तान की वनडे कप्तानी उस समय मिली, जब टीम के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं आ रहे थे। बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान टीम 2023 वनडे वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। फिर मोहम्मद रिजवान को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई।
रिजवान की कप्तानी में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज जीत दर्ज की, लेकिन इसके बाद टीम का परफॉर्मेंस लगातार गिरता गया। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सका, जबकि वह टूर्नामेंट के को-होस्ट में शामिल था। इसके बाद रिजवान को कप्तानी छोड़नी पड़ी और शाहीन अफरीदी को वनडे टीम की कमान सौंप दी गई।
ये भी पढ़ें: बाबर आजम को इंग्लिश मीडिया से दूर रखें: राशिद लतीफ की PCB को अजीब सलाह, बोले- शान मसूद को इंटरव्यू के लिए भेजें

अफरीदी की कप्तानी में 11 वनडे में 7 में से जीते
शाहीन अफरीदी ने अब तक पाकिस्तान के लिए 11 वनडे मैचों में कप्तानी की है। इनमें से पाकिस्तान ने 7 मैच जीते हैं। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने हाल ही में अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज भी जीती है।गेंदबाजी की बात करें तो कप्तान के रूप में शाहीन ने 11 मैचों में 15 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 26.46 रहा है।
2027 वर्ल्ड कप में कौन करेगा कप्तानी?
टेस्ट में पाकिस्तान टीम के खराब प्रदर्शन के बाद बाबर आजम को दोबारा कप्तानी दी गई। उनकी कप्तानी में वेस्टइंडीज दौरे पर 2 टेस्ट की सीरीज 1-1 से ड्रॉ खेली। रिपोर्ट्स की मानें तो बाबर ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी की शर्त पर ही टेस्ट की कमान ली थी। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि जल्द ही बाबर को ODI और T20I की कप्तानी भी दी जा सकती है।
जबकि अगले साल यानी 2027 में वनडे वर्ल्ड कप भी होना है। इसी वजह से जब शाहीन से पूछा गया कि क्या वह अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के कप्तान के तौर पर तय हैं, तो उन्होंने बिना ज्यादा कुछ कहे जवाब दिया- अभी तक तो मैं ही कप्तान हूं। हालांकि रिपोर्ट्स यह भी हैं कि PCB वर्ल्ड कप तक शाहीन अफरीदी पर ही भरोसा बनाए रख सकता है।
ये भी पढ़ें: सौरव गांगुली और पत्नी डोना को जान का खतरा: 6 महीने से मिल रहे धमकी भरे लेटर में लिखा- फैमिली को खत्म कर देंगे
नेशनल चैंपियंस कप में पाकिस्तान गोल्ड की कप्तानी करेंगे शाहीन
अब शाहीन अफरीदी की अगली जिम्मेदारी नेशनल चैंपियंस कप 2026 में होगी। वह इस 50 ओवर के टूर्नामेंट में पाकिस्तान गोल्ड टीम की कप्तानी करेंगे। उनकी टीम में हैदर अली, कामरान गुलाम, माज सदाकत और मोहम्मद नवाज जैसे इंटरनेशनल लेवल के खिलाड़ी भी शामिल हैं।
नेशनल चैंपियंस कप 11 से 18 अगस्त तक खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान ग्रीन की कप्तानी शादाब खान करेंगे, जबकि पाकिस्तान ब्लू की कमान साहिबजादा फरहान के हाथों में होगी। वहीं, सैम अयूब पाकिस्तान व्हाइट्स की कप्तानी करेंगे।


