डरो मत, तुम कप्तान हो: सरफराज ने श्रीलंका टीम के कप्तान धनंजय को स्लेज किया, स्टंप माइक में रिकॉर्ड; VIDEO वायरल
Published: Updated:
3 min read

भारत ने अपनी पहली पारी 503/9 रन पर घोषित की थी। श्रीलंका को फॉलोऑन से बचने के लिए अब भी 37 रन बनाने होंगे। (फोटो सोर्स -@bcci)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दौरान सरफराज खान का मजेदार अंदाज देखने को मिला। प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं होने के बावजूद सरफराज मैदान पर लगातार एक्टिव नजर आए। इसी दौरान श्रीलंका के कप्तान धनंजय डि सिल्वा के साथ उनकी मजेदार बातचीत स्टंप माइक में रिकॉर्ड हो गई। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
‘डरो मत, तुम कप्तान हो’
दरअसल, श्रीलंकाई पारी के दौरान धनंजय डि सिल्वा मानव सुथार की बॉल का सामना कर रहे थे। बॉलर के रनअप के दौरान उन्होंने अचानक बैटिंग से हटते हुए किसी परेशानी की ओर इशारा किया। धनंजय ने गेंदबाज के पीछे हो रही किसी हलचल को लेकर ध्यान भटकने की बात कही। इसी दौरान शॉर्ट लेग पर फील्डिंग कर रहे सरफराज ने उन्हें छेड़ते हुए कहा- भाई, कुछ नहीं है। सीधे देखो ना, इधर-उधर क्यों देख रहे हो?
इसके बाद सरफराज ने कहा- तुम बस टाइम खराब कर रहे हो। डरो मत, तुम कप्तान हो। खेलो। सरफराज की यह बात स्टंप माइक में रिकॉर्ड हो गई। अब इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
सब्स्टीट्यूट फील्डर सरफराज
सरफराज दूसरे टेस्ट में भारतीय प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं हैं। वह ऋषभ पंत की जगह सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर मैदान पर उतरे हैं। शॉर्ट लेग और सिली पॉइंट जैसी पोजीशन पर फील्डिंग करते हुए सरफराज लगातार खिलाड़ियों से बातचीत करते नजर आए। श्रीलंकाई बल्लेबाजों के साथ उनकी मजेदार बातचीत ने टेस्ट मैच में भी खूब मनोरंजन किया।
श्रीलंका पर फॉलोऑन का खतरा
दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण जल्दी खत्म हो गया। दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने पहली पारी में 8 विकेट पर 265 रन बना लिए हैं। टीम अभी भारत के पहली पारी के स्कोर से 238 रन पीछे है।
भारत ने अपनी पहली पारी 503/9 रन पर घोषित की थी। श्रीलंका को फॉलोऑन से बचने के लिए अब भी 37 रन बनाने होंगे।
पसिंदु सूरियाबंडारा ने 80 रन बनाए
श्रीलंका के लिए पसिंदु सूरियाबंडारा ने 80 रन की पारी खेली। वहीं सोनल दिनूषा 85 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके साथ लाहिरू कुमारा 8 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने अब तक 3-3 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को 1-1 विकेट मिला है।

