एशियन लीजेंड्स कप खेलने पर PCB की वॉर्निंग: बिना NOC खेलने वाले प्लेयर्स पर 2 साल का बैन, PSL में भी मौका नहीं मिलेगा
Published:
2 min read

एशियन लीजेंड्स कप का आयोजन मंगलवार को आयोजकों ने बीच में ही समाप्त कर दिया।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपने पूर्व खिलाड़ियों को बिना मंजूरी विदेशी लीग खेलने पर चेतावनी दी है। बोर्ड ने कहा कि ICC से मान्यता नहीं मिलने वाली लीग में खेलने वाले खिलाड़ियों पर कार्रवाई होगी।
जाम्बिया लीग विवाद
PCB ने जाम्बिया में चल रही एशियन लीजेंड्स लीग में कुछ पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों की भागीदारी पर आपत्ति जताई है। बोर्ड के मुताबिक, इस टूर्नामेंट को ICC ने अनसैंक्शन इवेंट माना है। साथ ही इसे जाम्बिया क्रिकेट यूनियन (ZCU) की मंजूरी भी नहीं मिली है।
PCB ने कहा कि ICC के नियमों के मुताबिक, किसी भी विदेशी टूर्नामेंट में खेलने से पहले खिलाड़ियों को अपने क्रिकेट बोर्ड से NOC लेना जरूरी होता है। बिना मंजूरी खेलने पर नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

2 साल का बैन लगेगा
PCB ने साफ किया कि बिना NOC अनसैंक्शन लीग खेलने वाले खिलाड़ियों को 2 साल तक किसी भी विदेशी लीग के लिए NOC नहीं दिया जाएगा। बोर्ड ने कहा कि ऐसे खिलाड़ी 2 साल तक PCB या PSL में किसी भी तरह की कोचिंग, कंसल्टेंसी, मेंटरिंग या दूसरी क्रिकेट से जुड़ी जिम्मेदारी नहीं निभा सकेंगे।
PCB ने कहा कि वह ICC के नियमों का पूरी तरह पालन करेगा। बोर्ड ने सभी मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों से अपील की है कि विदेशी टूर्नामेंट में खेलने से पहले जरूरी मंजूरी और NOC जरूर लें।
ये भी पढ़े: क्या अनुष्का ने विराट को अध्यात्म के लिए प्रेरित किया?: शमी बोले- ये अच्छी बात, लोगों को इससे दिक्कत क्या है

