पाकिस्तान की क्रिकेटर्स को NoC के बदले वसूली: अबु धाबी लीग ने 12 लाख देने से मना किया, अमेरिका-नेपाल से 24 लाख रुपए मांगे थे
Published: Updated:
3 min read

अबु धाबी टी10 लीग ने पाकिस्तानी बोर्ड की इस डिमांड को ठुकरा दिया है। कहा कि अगर यह रकम देनी है तो उनके प्लेयर अपनी फीस में से दें। कोई फ्रेंचाइजी यह रकम नहीं देगी।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) लगातार अपने क्रिकेटर्स को विदेशी लीग में खेलने के लिए NoC के बदले फीस की डिमांड कर रहा है। यह डिमांड प्लेयर्स से नहीं बल्कि विदेशी लीग की फ्रेंचाइजी से होती है। ताजा मामला अबु धाबी टी10 लीग का है, जिससे PCB ने NoC के बदले हर खिलाड़ी के लिहाज से 10 हजार डॉलर (करीब 12 लाख भारतीय रुपए) की डिमांड की है।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि अबु धाबी टी10 लीग ने पाकिस्तानी बोर्ड की इस डिमांड को सिरे से ठुकरा दिया है। साथ ही कहा है कि अगर यह रकम देनी है तो उनके प्लेयर अपनी फीस में से दें। कोई फ्रेंचाइजी यह रकम नहीं देगी। अबु धाबी टी10 लीग का यह 10वां सीजन है, जो 7 से 20 नवंबर तक खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें: IND Vs PAK मैच, 84 लाख टिकट की डिमांड: स्टेडियम कैपेसिटी 34 हजार, ODI वर्ल्ड कप में दोनों टीम के बीच 3 मैच संभव
इन टीम में खेलेंगे पाकिस्तानी प्लेयर्स
टूर्नामेंट में 6 टीमें UAE बुल्स, यश लायन्स, रॉयल डेजर्ट चैम्पियंस, एमिरेट्स ईगल्स, यूनाइटेड टाइगर्स और अरेबियन एसेस हैं। फखर जमां, अब्बास अफरीदी, सूफियान मुकीम, इफ्तिखार अहमद और फहीम अशरफ को टाइगर्स फ्रेंचाइजी ने खरीदा है।
खुशदिल शाह, ख्वाजा नफे, शादाब खान, आजम खान और मोहम्मद वसीम जूनियर इस बार UAE बुल्स के लिए खेलेंगे। इनके अलावा एमिरेट्स टीम ने हसन नवाज, आकिफ जावेद और अली रजा को साइन किया। नसीम शाह डेजर्ट और सलमान इरशाद अरेबियन टीम से खेलेंगे। हालांकि अब तक किसी को भी NoC नहीं मिली है।

नेपाल लीग से भी फीस की डिमांड की
नेपाल प्रीमियर लीग (NPL) का तीसरा सीजन 26 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक काठमांडू के कीर्तिपुर स्थित टीयू क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। इस लीग में भी पाकिस्तानी प्लेयर्स के खेलने को लेकर NoC देने के लिए PCB ने 24 लाख भारतीय रुपए की डिमांड की थी।
अमेरिकी लीग से भी फीस की डिमांड की थी
हाल ही में PCB पर अमेरिकी क्रिकेट टूर्नामेंट मेजर लीग क्रिकेट (MLC) की कई फ्रेंचाइजी ने भी इसी तरह फीस की डिमांड के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि PCB अपने खिलाड़ियों को लीग में खेलने के लिए NoC देने के एवज में 25 हजार डॉलर की डिमांड करता है। यह दावा PakPassion ने अपनी रिपोर्ट में भी किया था।
MLC फ्रेंचाइजीज ने आरोप लगाते हुए कहा था कि पाकिस्तानी बोर्ड को NOC के बदले रुपए देने का कोई लिखित नियम नहीं है। इसके बावजूद PCB यह डिमांड करता है। इसमें परेशान करने वाली बात ये है कि खिलाड़ियों को साइन कर लिया जाता है, उसके बाद PCB लास्ट टाइम पर यह डिमांड करता है। ऐसे में फ्रेंचाइजी फंस जाती है और तब तक उसके पास रिप्लेसमेंट जैसे बाकी ऑप्शन कम ही बचते हैं।
कोई लिखित डॉक्यूमेंट नहीं
पाकिस्तानी बोर्ड हर एक लीग की फ्रेंचाइजी से यह जो रुपए की डिमांड करता है, इसको लेकर उसका कोई लिखित नियम या रूल नहीं है। यह दावा ईएसपीएनक्रिकइंफो ने भी अपनी रिपोर्ट में किया है। इसके मुताबिक, ईएसपीएन को इस डिमांड को लेकर PCB का कोई लिखित डॉक्यूमेंट नहीं मिला है। साथ ही इस मामले में PCB से भी सवाल किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
ये भी पढ़ें: भुवी का चैप्टर खत्म हो गया: अश्विन बोले- शमी उनसे ज्यादा बेहतर, भुवनेश्वर खुद को साबित नहीं कर सके

