पाकिस्तानी कोच माइक हेसन को बताया इंडियन एजेंट: पूर्व PAK क्रिकेटर लतीफ ने कहा- IPL और भारत से लिंक होने पर इसी तरह एजेंट बनते हैं
Published: Updated:
4 min read

न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर माइक हेसन 2019 IPL में पंजाब किंग्स टीम के हेड कोच रहे थे। इसके बाद वे 2019 से 2023 तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के क्रिकेटऑफ डायरेक्टर भी रहे हैं। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर तीन टेस्ट की सीरीज खेल रही है। शुरुआती 2 मैच हारकर सीरीज पहले ही गंवा दी है। अब तीसरा टेस्ट हारकर क्लीन स्वीप होने के करीब है। इसी बीच पाकिस्तानी पूर्व क्रिकेटर राशिद लतीफ (Rashid Latif) का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वे पाकिस्तान टीम के कोच माइक हेसन (Mike Hesson) को बगैर उनका नाम लिए इंडियन एजेंट कहते दिख रहे हैं।
लतीफ ने यह बात डॉ नौमान नियाज (Dr Nauman Niaz) के साथ यूट्यूब चैनल पर यह बात कही। नियाज ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अधिकारी हेसन से काफी प्रभावित हैं। इस पर लतीफ कहते हैं कि मेरा मानना ऐसा नहीं है। PCB के लोग चाहते होंगे कि जल्द से जल्द ये निकल जाए।
हेसन पर हमेशा शक रहेगा
लतीफ ने कहा- किसी भी विदेशी कोच का ईमानदार होना बेहद जरूरी है। बॉब वुल्मर काफी ईमानदार था। मैं इल्जाम नहीं लगा रहा हूं, लेकिन जो कोई भी IPL से आया है ना, उस पर हमेशा डाउट (शक) रहेगा। हम जाते नहीं है इस पहलू पर, हम इंडिया को रोकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आपने कोई कोच लिया है, जिसका पासपोर्ट किसी दूसरे देश का है। वो आपकी क्रिकेट को तबाह कर देगा और आपको पता भी नहीं चलेगा। लतीफ ने यह भी क्लियर किया कि उन्होंने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया है।
इसी तरह एजेंट बनते हैं
लतीफ ने कहा- PSL में भी इनको (माइक हेसन) एप्रोच किया था। वसीम अकरम से मैंने कराची किंग्स के लिए कहा था। तब वे (माइक हेसन) किसी IPL टीम में कोचिंग कर रहे थे। वो ज्यादातर इंडिया में ही रहते हैं। ऐसे में वे हमेशा शक में रहते हैं। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि वो ईमानदारी नहीं होगा, हो सकता है। लेकिन ये बातें चेक करवा लेनी चाहिए। हिस्ट्री चेक कर लें। उसका वहां (भारत) से कनेक्शन तो होगा ही ना। समझा करो।
पूर्व विकेटकीपर लतीफ ने आगे कहा- हम जो नुकसान नहीं पहुंचा पाए वो कोई भी विदेशी कोच पहुंचा सकता है, जिसका डायरेक्ट लिंक डायरेक्ट IPL या वहां के किसी भी व्यक्ति से हो जाए, जो इसको यूज करना चाहते हों। इसी तरह एजेंट बनते हैं। मैं किसी का नाम नहीं ले रहा हूं, लेकिन बड़े-बड़े फोटोग्राफर, कोच रहे हैं। ये स्पोर्ट्स की हिस्ट्री है। कई बार जानबूझकर खिलाड़ियों को भी चोटिल किया गया है।
वीडियो क्रेडिट- सोशल मीडिया।
हो सकता है वे दूसरों के हाथों में खेल रहे हों
उन्होंने कहा- इसी तरह से काम किया जाता है। चेक करना चाहिए। विदेशी कोचों पर अंधाविश्वास नहीं करना चाहिए। हो सकता है वे दूसरों के हाथों में खेल रहे हों। वो भी कोई दूसरा मुल्क नहीं है, बराबर वाला है। आपको हाथों से खून निकल रहा होगा, लेकिन निशान एक भी नहीं होगा कि कहां से खून निकल रहा है।
नियाज ने भी लतीफ की बातों से सहमति जताई। उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में हेसन ने कई ऐसे फैसले लिए थे जो शक के दायरे में आते हैं। इसमें शादाब खान पर ज्यादा भरोसा जताना और बाबर आजम को नंबर-4 पर बैटिंग कराना था।
हालांकि वीडियो के आखिर में नियाज ने यह भी क्लियर किया कि वे किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं, सिर्फ हालात और स्थिति के हिसाब से बात कर रहे है और अंदाजा लगा रहे हैं।

