रिजवान-इमाम को इमरजेंसी में पाकिस्तान बुलाया: इंग्लैंड से सीरीज हार के बाद PCB के बड़े फैसले, कोच सरफराज को भी हटाया जा सकता है
Published: Updated:
3 min read

PCB ने इमाम उल हक और मोहम्मद रिजवान को इमरजेंसी में पाकिस्तान वापस बुला लिया है।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान और ओपनर इमाम उल हक को इमरजेंसी में वापस बुला लिया है। पाकिस्तान टीम को लॉर्ड्स टेस्ट में मिली 194 रन की हार के बाद PCB ने यह फैसला लिया है। यह दावा पाकिस्तानी जियो न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में किया है। दूसरी रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि टीम के कोच सरफराज अहमद को भी हटाया जा सकता है।
टीम मैनेजमेंट की इमरजेंसी मीटिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने रविवार (30 अगस्त) को लंदन में एक इमरजेंसी मीटिंग की थी। इसी मीटिंग में यह फैसला लिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरे टेस्ट के लिए सईम अयूब और अराफात मिन्हास को बुलाया गया है।
इन फैसलों से यह हिंट मिलता है कि अब पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर बड़े बदलावों का दौर शुरू हो गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट से पहले टीम में और भी बड़े बदलाव हो सकते हैं।
रिजवान के 4 टेस्ट में 94 रन
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर 3 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। पहले दो मैच जीतकर मेजबान इंग्लैंड ने सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया है। रिजवान दोनों टेस्ट में एग्रेसिव शॉट खेलकर आउट हुए, जिससे उनकी आलोचना हो रही है।

रिजवान ने पिछले 4 टेस्ट में सिर्फ 94 रन बनाए हैं। पिछला टेस्ट इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला, जिसमें 7 और 1 रन बनाया था। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट में 12 और 41 रन बनाए थे। इससे ठीक पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज में 18, 12 और 11 रन बनाए।
इमाम चोट के चलते टीम से बाहर
बताया जा रहा है कि इमाम को चोट के चलते टीम से बाहर किया गया है। इस ओपनर ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट की पहली पारी में 42 रन बनाए थे। दूसरी पारी में खाता नहीं खोल सका। जबकि लॉर्ड्स टेस्ट में चोट के कारण इमाम दोनों पारियों में नहीं खेल पाए थे।
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच सीरीज का आखिरी टेस्ट बर्मिंघम में होगा। यह मैच 9 सितंबर से खेला जाएगा। पाकिस्तान टीम यह टेस्ट जीतकर क्लीन स्वीप से बचना चाहेगी।

