रिजवान पाकिस्तानी साइबर क्राइम एजेंसी के सामने पेश हुए: इमाम समेत 3 प्लेयर को नोटिस, जब्त मोबाइल की जांच के बाद कार्रवाई; PCB ने इंग्लैंड दौरे के बीच में बुलाया था
Published:
3 min read

विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान ने 47 टेस्ट, 103 वनडे और 106 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान और ओपनर इमाम उल हक समेत 3 प्लेयर को नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने नोटिस दिया था। इन क्रिकेटर्स के जब्त मोबाइल की जांच चल रही है। इसी बीच पूछताछ के लिए क्रिकेटर्स को पेश होने के लिए कहा गया।
पाकिस्तानी जियो न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है। इसमें कहा गया है कि रिजवान लाहौर में एजेंसी के सामने पेश हुए हैं। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से भी कॉन्टेक्ट किया था।
बीच इंग्लैंड दौरे पर किए बदलाव
दरअसल, पाकिस्तान टीम पहले ही इंग्लैंड दौरे पर 3 टेस्ट की सीरीज हार चुकी है। पहले टेस्ट में पारी और 103 रन से हार मिली थी। दूसरा टेस्ट 194 रन से गंवाया था। दोनों हार के बाद PCB ने रिजवान और इमाम समेत 7 खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर वापस बुला लिया।

इनके अलावा हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी बाहर कर दिया था। रिपोर्ट्स की मानें तो PCB ने सभी प्लेयर्स के मोबाइल भी जब्त कर लिए थे। सोर्स की मानें तो उनके मोबाइल फोन से मिले डेटा से जुड़ी जांच के लिए ही इन प्लेयर्स को नोटिस देकर बुलाया है।
PCB का अब तक कोई बयान नहीं आया
पाकिस्तानी बोर्ड ने अभी इस मामले में कोई भी बयान देने से साफ मना कर दिया है। PCB सोर्स ने भी साफ कहा कि जांच के बीच में कुछ भी कहना सही नहीं होगा। फिलहाल, मीडिया में पाकिस्तानी क्रिकेटर्स और अधिकारियों को लेकर बेबुनियाद खबरें चलाई जा रही हैं।
सोर्स ने यह भी खुलासा किया है कि पूरी जांच इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के बीच कथित ड्रेसिंग-रूम की बातें लीक होने के मामले को लेकर ही रहेगी। हालांकि फोन क्यों कब्जे में लिया गया, इसको लेकर बोर्ड या एजेंसी की ओर से कोई बयान नहीं आया है।

