भुवी आए, शमी को भी लाओ: पूर्व चीफ सिलेक्टर को उम्मीद; BCCI अध्यक्ष बोले- सिलेक्शन में उम्र नहीं, फिटनेस और परफॉर्मेंस देखें
Published: Updated:
3 min read

मोहम्मद शमी ने भारतीय टीम के लिए आखिरी इंटरनेशनल मैच 9 मार्च 2025 को चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 टी20 की सीरीज खेल रही है। इसके बाद टीम को न्यूजीलैंड दौरे पर टी20, वनडे और टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसके लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें पेसर भुवनेश्वर कुमार की करीब 4 साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है।
ऐसे में फैन्स और दिग्गजों को उम्मीद है कि अनुभवी मोहम्मद शमी की भी ODI टीम में वापसी हो सकती है। पूर्व चीफ सिलेक्टर एमएसके प्रसाद (MSK Prasad) को भी यही लगता है। दूसरी ओर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास ने साफ कहा कि सिलेक्शन के लिए उम्र नहीं, बल्कि फिटनेस और परफॉर्मेंस देखना चाहिए।
ये भी पढ़ें: धोनी के अगले IPL में खेलने की उम्मीद: CSK फ्रेंचाइजी के CEO ने कहा- माही चेन्नई पहुंचकर अपना फैसला बताएंगे

शमी को टीम इंडिया में देखना चाहते हैं प्रसाद
पहले बात एमएसके प्रसाद की करते हैं, जिन्होंने इंडिया टुडे से कहा- मैं टाइमिंग के बारे में नहीं जानता लेकिन मेरा मानना है कि भुवी को टीम में शामिल कर शानदार काम किया है। क्योंकि जिस प्लेयर ने 3-4 IPL सीजन में 72 विकेट लिए हों वो टीम में एंट्री का हकदार है।
उन्होंने शमी के लिए कहा- जहां तक शमी जैसे प्लेयर की बात है तो वो 2015, 2019, 2023 में आपका टॉप परफॉर्मर रहा है। अब भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। मैं उसे न्यूजीलैंड सीरीज में देखना पसंद करूंगा। साथ ही ऑस्ट्रेलिया सीरीज में भी देखना अच्छा लगेगा।
प्रसाद का मानना है कि अनुभवी खिलाड़ियों को परखने के लिए किसी बड़ी सीरीज का इंतजार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा- यदि ऐसा करना है, तो उन्हें (सीनियर्स) अभी से मौके देना शुरू कर देना चाहिए।

सिलेक्शन के लिए फिटनेस-परफॉर्मेंस ही काफी
दूसरी ओर BCCI प्रेसिडेंट मन्हास ने फिटनेस और परफॉर्मेंस देखकर सिलेक्शन की बात कही है। उन्होंने स्पोर्टस्टार से कहा- जहां तक BCCI की बात है, तो हम इस मामले में कुछ भी कहने की पोजिशन में नहीं हैं। यह सबकुछ (सिलेक्शन) कोच और सिलेक्टर्स पर ही निर्भर करता है।
मन्हास ने कहा- यदि सवाल यह है कि मैं इसे कैसे देखता हूं तो मेरा मानना है कि सिलेक्शन के लिए फिटनेस और परफॉर्मेंस को ही देखना चाहिए ना कि उम्र को। यदि कोई खेलने के लिए फिट है और आप जानते हैं कि वो शानदार फॉर्म में है, टीम को मैच जिता रहा है तो सिलेक्शन का यही क्राइटेरिया काफी है।
मैं मैदान पर हूं और खेल रहा हूं
36 साल के पेसर मोहम्मद शमी ने पिछले रणजी सीजन में बंगाल के लिए 7 मैच खेले थे। उन्होंने 16.72 की एवरेज से 37 विकेट लिए थे। मौजूदा सीजन के पहले मैच की पहली पारी में उन्होंने 4 विकेट लिए हैं। दिल्ली के खिलाफ इस पारी में उन्होंने 17.3 में से 9 ओवर मेडन भी किए।
शमी ने भारतीय टीम के लिए आखिरी इंटरनेशनल मैच 9 मार्च 2025 को चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। शमी ने कहा कि वह अपनी फिटनेस को लेकर होने वाली बातों की परवाह नहीं करते। उन्होंने कहा- मैं मैदान पर हूं। खेल रहा हूं। जहां खेल सकता हूं, वहां खेल रहा हूं। मेरा काम सिर्फ बॉलिंग करते रहना है।

