बाबर ने नहीं मानी सरफराज और PCB की बात: रिजवान को जबरन लॉर्ट्स टेस्ट खिलाया, तब नाराज पाकिस्तानी बोर्ड ने 7 खिलाड़ी और 2 कोच बदले
Published:
3 min read

इंग्लैंड दौरे पर पहले दो 2 टेस्ट में पाकिस्तान टीम के कोच रहे सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज हारने के बाद पाकिस्तान टीम लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। शुरुआती दो टेस्ट हारने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 7 खिलाड़ियों और कोच सरफराज अहमद के साथ बॉलिंग कोच उमर गुल को भी टीम से बाहर कर वापस बुला लिया था। यह इतना बड़ा बदलाव क्यों हुआ, इसको लेकर पाकिस्तान के ही सीनियर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट अब्दुल माजिद भाटी ने एक खुलासा किया है।
सिलेक्टर ने सरफराज को मैसेज दिया
माजिद ने एक यूट्यूब चैनल पर बताया कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले PCB की ओर से कोच सरफराज को एक मैसेज भेजा गया था, जिसे कप्तान बाबर आजम ने नहीं माना। उन्होंने पैगाम को नजरअंदाज करते हुए विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को जबरन खिलाय। इससे बोर्ड नाराज हुआ और इतने बड़े बदलाव किए।

माजिद ने कहा- सरफराज अहमद और उमर गुल वापस आ गए। 7 खिलाड़ियों को भी वतन वापस भेज दिया गया। हमारे दोस्तों ने यह जानने की कोशिश ही नहीं की कि आखिर यह हुआ क्या? दरअसल, सरफराज को मैसेज दिया गया आकिब जावेद (नेशनल सिलेक्टर) की तरफ से।
बाबर ने सरफराज की बात नहीं मानी
उन्होंने कहा- जाहिर है आकिब भी किसी का पैगाम लेकर आए थे। उनको कहा गया कि लॉर्ड्स टेस्ट में उबैद शाह को खिलाना है। अगर उबैद को नहीं खिला रहे तो आमिर जमाल (पेस बॉलिंग ऑलराउंडर) को जरूर खिलाना है। मोहम्मद रिजवान को बाहर करें और गाजी गौरी (विकेटकीपर) का डेब्यू करवाएं।
माजिद ने कहा- जाहिर है सरफराज भी घबरा गया और मैसेंजर के तौर पर उसने बाबर आजम से बात की। बाबर ने कहा कि नहीं मैं अभी रिजवान को ही खिलाउंगा। हम 0-1 से पीछे हैं। रिजवान सीनियर है, शायद कुछ कर जाए। उबैद शाह को लेकर भी चांस नहीं ले सकता। मैं खुर्रम शहजाद को खिलाउंगा। बस यहीं से नाराजगी हो गई और सरफराज का तख्ता उलट गया लॉर्ड्स टेस्ट के बाद।
वीडियो सोर्स- सोशल मीडिया।
सीरीज हारने के बाद बदलाव हुए
दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में पाकिस्तान की टीम पारी और 103 रन से हारी। दूसरे टेस्ट में 194 रन से शिकस्त मिली और सीरीज हाथ से निकल गई। फिलहाल, सीरीज का तीसरा यानी आखिरी टेस्ट 9 सितंबर से खेला जाएगा।
दूसरी हार के बाद PCB ने 7 प्लेयर्स को वापस भेज दिया। टीम में 7 नए प्लेयर्स शामिल किए गए, इनमें 5 अनकैप्ड प्लेयर्स हैं। सरफराज अहमद और उमर गुल को भी कोचिंग स्टाफ से हटा दिया गया।

