भारत- पाकिस्तान के प्लेयर्स ने 8 मौकों पर हाथ नहीं मिलाया था: अब जेमिमा-फातिमा गले मिलती दिखीं : द हंड्रेड लीग का VIDEO वायरल
Published: Updated:
5 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और पाकिस्तान (IND Vs PAK) के खिलाड़ियों के बीच पिछले कई महीनों से इंटरनेशनल क्रिकेट में हैंडशेक नहीं हुआ। लेकिन इंग्लैंड में खेली जा रही द हंड्रेड लीग में अलग तस्वीर देखने को मिली। इंडियन बैटर जेमिमा रोड्रिग्स ने मैच खत्म होने के बाद पाकिस्तान की ऑलराउंडर फातिमा सना को गले लगाया। दोनों का वीडियो वायरल हो रहा है।
मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे से मिले। इसी दौरान जेमिमा और फातिमा ने गले मिलकर कुछ देर बात भी की। मौजूदा भारत-पाकिस्तान रिश्तों के बीच इस वीडियो की बात हो रही है।
आखिर ऐसा क्यों…
दरअसल, सितंबर 2025 के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए इंटरनेशनल क्रिकेट में प्लेयर्स ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया है। इसकी शुरुआत पहलगाम आतंकी हमले (22 अप्रैल 2025) और उसके बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर (7 मई 2025) के बाद हुई थी। तब से दोनों देशों की टीमों के बीच मैच तो हुए, लेकिन मैच से पहले और बाद में हैंडशेक नहीं हुआ।
ऐसे में द हंड्रेड लीग में जेमिमा और फातिमा का गले मिलने के बाद कंट्रोवर्सी हो रही है।
यह VIDEO देखें
कब-कब नहीं हुआ हैंडशेक?
एशिया कप : सितंबर 2025
इस दौरान मेन्स एशिया कप खेला गया था। टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान के बीच फाइनल समेत 3 मैच हुए। सभी में टॉस के दौरान और मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हैंडशेक नहीं किया।
खास बात यह भी रही कि भारतीय टीम ने एशिया कप ट्रॉफी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी के हाथों से भी नहीं ली। इसकी वजह थी कि नकवी भी पाकिस्तानी हैं। वो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के भी चीफ और पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं।
वुमन्स ODI वर्ल्ड कप: 5 अक्टूबर 2025
ICC वुमन्स ODI वर्ल्ड कप के लीग मैच में भारत ने पाकिस्तान को 88 रन से हराया था। यह मैच 5 अक्टूबर 2025 को कोलंबो में हुआ था। टॉस के दौरान और जीत के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया।
ब्लाइंड वुमन्स T20 वर्ल्ड कप : नवंबर 2025
नवंबर 2025 में श्रीलंका में ब्लाइंड वुमन्स T20 वर्ल्ड कप हुआ था। इसमें भी इंडिया-पाकिस्तान के बीच एक मैच हुआ, जिसमें भारतीय प्लेयर्स ने पाकिस्तानी काउंटर पार्ट्स से हाथ नहीं मिलाए। इस टूर्नामेंट में भारत ने नेपाल को हराकर पहला ब्लाइंड महिला T20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था।
एशिया कप राइजिंग: नवंबर 2025
नवंबर 2025 में एशिया कप राइजिंग सुपर स्टार्स 2025 में इंडिया-ए टीम के कप्तान जितेश शर्मा ने पाकिस्तान-ए टीम के कप्तान इरफान खान से हाथ नहीं मिलाया था। यह मैच पाकिस्तान ने 8 विकेट से जीत लिया था।
अंडर-19 एशिया कप: दिसंबर 2025
U19 एशिया कप 2025 में इंडिया और पाकिस्तान के बीच फाइनल समेत 2 मैच हुए थे। इन दोनों ही मुकाबलों में भारतीय टीम और कप्तान आयुष म्हात्रे ने पाकिस्तानी कप्तान या टीम से हाथ नहीं मिलाया था।
महिला T20 वर्ल्ड कप 2026
भारत और पाकिस्तान के मैच में मैच से पहले और बाद में हैंडशेक नहीं हुआ। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली थी।

T-20 वर्ल्ड कप 2026: यानी 15 फरवरी 2026
भारत और पाकिस्तान के बीच आज खेले जा रहे मैच में भी कप्तान सूर्या ने पाकिस्तान टीम के कैप्टन सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
U19 वर्ल्ड कप : फरवरी 2026
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम ने इसी महीने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट में 1 फरवरी को हुए मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 58 रन से शिकस्त दी थी। इस मैच में भी आयुष ने पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ से हाथ नहीं मिलाया था। जीत के बाद भी दोनों टीम के युवाओं ने हैंडशेक नहीं किया।
अब मैच की बात करते हैं...
द हंड्रेड लीग में जेमिमा रोड्रिग्स की टीम सदर्न ब्रेव ने बर्मिंघम फीनिक्स को 24 रन से हरा दिया। पहले बैटिंग करते हुए सदर्न ब्रेव ने 140/3 का स्कोर बनाया। लिजेल ली ने 43 रन, माया बुशियर ने 45 रन और जेमिमा ने 18 गेंद में नाबाद 28 रन बनाए।
बर्मिंघम फीनिक्स की ओर से फातिमा सना बॉलिंग में महंगी साबित हुईं। उन्होंने 15 बॉल में 33 रन दिए। बैटिंग में भी वह सिर्फ 5 रन बनाकर नाबाद लौटीं।

73 रन की पार्टनरशिप भी काम नहीं आई
141 रन के टारगेट का पीछा करते हुए बर्मिंघम फीनिक्स ने अच्छी शुरुआत की। टैमी ब्यूमोंट (22) और डेविना पेरिन (52) ने पहले विकेट के लिए 73 रन जोड़े। लेकिन दोनों के आउट होने के बाद टीम की बैटिंग बिखर गई। सारा ग्लेन, लॉरेन बेल और कप्तान सोफी मोलिन्यू की बॉलिंग के सामने फीनिक्स 116/5 तक ही पहुंच सकी।
इस जीत के साथ सदर्न ब्रेव ने लगातार चौथी जीत दर्ज की। वहीं बर्मिंघम फीनिक्स को इस सीजन अब भी अपनी पहली जीत का इंतजार है।
ये भी पढ़ें: भारत से सीरीज के लिए बांग्लादेश बोर्ड बेताब: सरकार से पहल की मांग; सितंबर में ODI-T20I सीरीज की उम्मीद

