भारत से सीरीज के लिए बांग्लादेश बोर्ड बेताब: सरकार से पहल की मांग; सितंबर में ODI-T20I सीरीज की उम्मीद
Published: Updated:
4 min read

भारतीय टीम अगले महीने यानी सितंबर में बांग्लादेश दौरे पर 3 वनडे और 3 टी20 की सीरीज खेल सकती है। हालांकि इसको लेकर BCCI की ओर से कोई पुष्टि नहीं हुई है। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) सितंबर में भारतीय टीम की मेजबानी के लिए बेताब नजर आ रहा है। हालांकि टीम इंडिया सीरीज खेलने बांग्लादेश जाएगी या नहीं, इसको लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से कोई पुष्टि नहीं हुई है। यही वजह है कि बांग्लादेश बोर्ड के प्रेसिडेंट तमीम इकबाल ने अपनी सरकार से मिलकर सीरीज के लिए पहल करने की मांग की है।
दरअसल, भारतीय टीम को सितंबर 2024 में बांग्लादेश दौरे पर 3 वनडे और 3 टी20 की सीरीज खेलनी थी, जिसे दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के चलते टाल दिया गया था। अब यही दौरा इस साल सितंबर में होने की उम्मीद है। हालांकि BCCI की ओर से इस पर कोई बयान नहीं आया है।
तमीम की विदेश राज्य मंत्री से मुलाकात
क्रिकबज के मुताबिक, तमीम इकबाल ने गुरुवार (30 जुलाई) को बांग्लादेश सरकार की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम समेत आला अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान तमीम ने रिक्वेस्ट की कि भारतीय टीम से सीरीज के लिए बांग्लादेश सरकार को पहल करनी चाहिए। साथ ही भारतीय आला अधिकारियों को भी यह बताना चाहिए कि सितंबर में सीरीज के लिए बांग्लादेश पूरी तरह तैयार है।

तमीम BCB सिक्योरिटी कमेटी के चेयरमैन सईद इब्राहिम के साथ शमा ओबेद इस्लाम से उनके ऑफिस में मिलने गए थे। एक सवाल के जवाब में तमीम ने भी इस मुलाकात को सही बताया। तमीम ने कुछ दिन पहले ही बताया था कि उन्हें सीरीज होने की उम्मीद है। उनके हाथ में कुछ नहीं है। वे सिर्फ कोशिश और इंतजार ही कर सकते हैं। तमीम ने कहा था कि उनकी कुछ सीमाएं हैं, जिसे वे क्रॉस नहीं करेंगे।
पिछली गलतियों को सुधारेंगे
बांग्लादेश के युवा और खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने 21 जुलाई को कहा था कि उनका देश सितंबर में भारतीय टीम की मेजबानी करने के लिए उत्सुक है। उनका मानना है कि खेल के जरिए दोनों देशों के बीच की दूरियों को कम किया जा सकता है।
अमीनुल ने कहा था कि पिछली गलतियों को सुधारेंगे। टीम इंडिया के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त रहेगी।भारतीय टीम यहां आएगी तो हम पुराने गिले-शिकवे भी दूर कर लेंगे।
दरअसल, इसी साल भारत की मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप हुआ था। तब बांग्लादेश की तत्कालीन यूनुस सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत नहीं भेजा था। तब ICC ने बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से ही हटा दिया था। इसके बाद से ही दोनों देशों के बीच खेल को लेकर रिश्ते सही नहीं रहे।

मीडिया राइट्स के लिए टेंडर जारी किया था
BCB ने इस साल के शुरुआत में बताया भारतीय टीम के साथ सीरीज होने का ऐलान किया था। हाल ही में इसके लिए मीडिया राइट्स भी बेचने के लिए टेंडर जारी किया था, तब सीरीज होने की उम्मीद काफी ज्यादा हो गई थी। हालांकि बीच में खबर आई थी कि यह टेंडर रोक दिए गए हैं। इससे सीरीज पर संशय हो गया था।
सितंबर में एक महीने की खाली विंडो
हालांकि भारतीय टीम अगस्त में श्रीलंका दौरे पर 2 टेस्ट की सीरीज खेलेगी। इस दौरे पर टी20 सीरीज को शामिल नहीं किया गया। इससे हिंट मिलता है कि बांग्लादेश दौरे पर सीरीज हो सकती है। श्रीलंका दौरे पर आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक होगा। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज का पहला वनडे 27 सितंबर को होना है। इस बीच एक महीने की खाली विंडो में बांग्लादेश सीरीज हो सकती है।

