पूर्व क्रिकेटर श्रीनाथ ने मेट्रो में खड़े होकर सफर किया: किसी ने सीट नहीं दी, आज उनका बर्थडे भी; एक यूजर बोला- सीट देते तब भी वे नहीं लेते
Published: Updated:
3 min read

जवागल श्रीनाथ ने 18 अक्टूबर 1991 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ शारजाह वनडे खेला था। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मौजूदा मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ (Javagal Srinath) का एक फोटो काफी वायरल हो रहा है। इसमें वे बेंगलुरु की नम्मा मेट्रो (Namma Metro) में खड़े होकर सफर करते दिखाई दे रहे हैं। देखने वाली बात यह रही कि किसी ने उन्हें पहचाना भी नहीं। यदि किसी ने पहचाना भी हो तो उन्हें बैठने के लिए सीट तक नहीं दी। उन्होंने कब यह सफर किया, यह क्लियर नहीं है।
हालांकि पूर्व तेज गेंदबाज श्रीनाथ का आज (31 अगस्त) बर्थडे भी है। वे 57 साल के हो गए हैं। उनका यह फोटो वायरल होने के बाद कई कमेंट्स भी आए। एक यूजर ने लिखा कि वो भी उसी मेट्रो में सफर कर रहा था। यदि श्रीनाथ को सीट ऑफर भी करते तो वे नहीं लेते। उन्हें स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं चाहिए था।
असली हीरो का सम्मान नहीं करते
एक और X यूजर ने कहा- जो लोग उनके साथ मेट्रो में थे, उन्होंने देखा और पहचाना भी। सभी को शर्म आनी चाहिए। क्या आपमें से कोई भी उन्हें सीट ऑफर नहीं कर सका? आप खेल से सच्चा प्यार नहीं करते।
दूसरे यूजर ने कहा- यह इस देश की विडंबना है कि हम असली हीरो का सम्मान नहीं करते, बल्कि नकली बॉलीवुड स्टार्स के पीछे भागते हैं।

नम्मा मेट्रो में सफर सस्ता नहीं
बेंगलुरु की नम्मा मेट्रो में दिल्ली और मुंबई के मुकाबले ज्यादा रुपए लगते हैं। इसमें सफर सस्ता नहीं है। इस साल फरवरी में इस मेट्रो का किराया 5% और बढ़ाने का प्रस्ताव था, लेकिन राजनीतिक दबाव और विरोध के कारण इसे होल्ड कर दिया गया।
श्रीनाथ का क्रिकेट कॅरियर
श्रीनाथ ने 18 अक्टूबर 1991 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ शारजाह वनडे खेला था। इसके बाद से उन्होंने कॅरियर में 229 वनडे खेले, जिसमें 315 विकेट लिए।
इसके अलावा 67 टेस्ट खेले, जिसकी 121 पारियों में 236 विकेट अपने नाम किए। वे 2003 का वनडे वर्ल्ड कप भी खेले थे, जिसमें भारतीय टीम फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि खिताब नहीं जीत सकी थी।

