ईरान वुमन्स कबड्डी टीम भारत में ट्रेनिंग लेने पहुंची: एशियन गेम्स से पहले प्रैक्टिस मैच खेले, कोच बोले- टॉप लेवल का गेम सीखने के लिए यहां आना जरूरी
Published: Updated:
3 min read

ईरान की वुमन कबड्डी टीम 13 अगस्त को सोनीपत पहुंची थी। यहां SAI सेंटर में टीम ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के अलावा लोकल टीमों के साथ भी प्रैक्टिस मैच खेले। (फोटो सोर्स - सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशियन गेम्स 2026 से पहले ईरान की महिला कबड्डी टीम भारत पहुंची। यहां 6 दिन का प्रैक्टिस कैंप लगाया। इस दौरान ईरानी प्लेयर्स ने भारतीय महिला टीम और लोकल टीमों के साथ कई प्रैक्टिस मैच खेले। ईरान की टीम के लिए ये कैंप एशियन गेम्स की तैयारी का हिस्सा था। वहीं भारतीय खिलाड़ियों को भी ईरान की प्लेइंग स्टाइल और टेक्निक को करीब से समझने का मौका मिला।
दरअसल , ईरान की वुमन कबड्डी टीम 13 अगस्त को सोनीपत पहुंची थी। यहां SAI सेंटर में टीम ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के अलावा लोकल टीमों के साथ भी प्रैक्टिस मैच खेले।
ईरान की टीम में 80% से ज्यादा नए खिलाड़ी
ईरान के हेड कोच गोलामरेजा माजंदरानी ने बताया कि पिछली एशियन गेम्स के मुकाबले टीम के 80% से ज्यादा प्लेयर नए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में प्रैक्टिस मैच खेलने से उनकी यंग टीम को काफी फायदा हुआ है। इससे प्लेयर्स को टीम टैक्टिक्स सुधारने का मौका मिला।

ये भी पढ़ें: WTC में टीम इंडिया को 5.18% का फायदा: अब भी फाइनल की राह मुश्किल, 8 में से 5 टेस्ट जीतना जरूरी; देखें सिनेरियो
भारत में हर साल 50-60 मैच खेलते हैं प्लेयर्स
ईरानी कोच ने भारत के कबड्डी सिस्टम की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि ईरान में मेन्स और वुमन्स मिलाकर करीब 3 से 4 हजार कबड्डी प्लेयर्स हैं। भारत में ये नंबर्स 1 करोड़ से ज्यादा हो सकते हैं। भारत में एक प्लेयर 1 साल में करीब 50-60 मैच खेल सकता है। यही वजह है कि भारतीय खिलाड़ियों को लगातार खेलने और अपनी स्किल्स सुधारने का मौका मिलता है।
भारतीय खिलाड़ियों को भी फायदा
भारतीय महिला टीम के कोच नवीन कुमार ने कहा कि ईरान के खिलाफ मैच से टीम की यंग खिलाड़ियों को काफी कुछ सीखने को मिला। ईरानी टीम में कुछ ऐसी प्लेयर्स भी हैं, जिन्होंने 3 एशियन गेम्स में हिस्सा लिया है। ऐसे एक्सपीरियंस्ड खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने से भारतीय खिलाड़ियों को उनकी फिटनेस, स्ट्रेंथ और एक्सप्लोसिव पावर समझने का मौका मिला।

ये भी पढ़ें: इंडिया ने अपना 600वां टेस्ट 165 रन से जीता: श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में 1-0 की बढ़त; मानव को 10 विकेट, पडिक्कल प्लेयर ऑफ द मैच
कबड्डी सीखनी है तो भारत आना होगा- ईरानी कोच
ईरान के कोच ने भारत को कबड्डी का बेस बताते हुए कहा कि अगर कोई कोच या खिलाड़ी इस खेल में टॉप लेवल तक पहुंचना चाहता है, तो उसे भारत आना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में अगर ईरान और भारत के बीच 2-3 महीने के लंबे एक्सचेंज प्रोग्राम, ट्रेनिंग और फ्रेंडली मैच होते हैं तो इससे सिर्फ दोनों टीमों को फायदा होगा।

