FIFA वर्ल्ड कप में ईरानी टीम की प्रॉब्लम सॉल्व: US गवर्मेंट के रुख में आई नरमी, मैच के दो दिन पहले अमेरिका में एंट्री की परमिशन मिली; अब तक क्या हो रहा था
Published:
4 min read

FIFA वर्ल्ड कप में अब तक ईरान ने अपने दोनों मैच ड्रॉ खेले हैं। (फोटो सोर्स: Reuters)
स्पोर्ट्स डेस्क। अमेरिका की ओर से FIFA वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही ईरान की फुटबॉल टीम को एक राहत मिली है। टीम अब ग्रुप के तीसरे मैच से दो दिन पहले अमेरिका में एंट्री ले सकेगी। इससे पहले ईरानी टीम को अपने शुरुआती दो मुकाबलों के लिए मैच से सिर्फ एक दिन पहले अमेरिका आने की परमिशन थी। दोनों मुकाबलों के फौरन बाद उन्हें वापस देश छोड़ने के लिए भी कह दिया गया था।
अमेरिकी होम मिनिस्ट्री के प्रवक्ता ने बताया कि 26 जून को सिएटल में इजिप्ट के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए ईरानी टीम को मैच से दो दिन पहले अमेरिका आने की परमिशन दी गई है। हालांकि टीम को मैच खत्म होने वाले दिन ही अमेरिका छोड़ना होगा। सिक्योरिटी अरेंजमेंट और बाकी प्रोटोकॉल पहले की तरह ही लागू रहेंगे।
जंग के कारण बढ़ीं थीं मुश्किलें
ईरान की टीम इस वर्ल्ड कप में बेहद मुश्किल हालातों में खेल रही है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण टीम को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जंग से पहले ईरानी टीम का बेस कैंप अमेरिका के एरिजोना स्टेट के टक्सन शहर में होना तय हुआ था लेकिन आखिरी वक्त में उसे मेक्सिको के तिजुआना में शिफ्ट कर दिया गया। जबकि ईरान को अपने सभी ग्रुप मुकाबले अमेरिका में खेलने थे।
इसके अलावा टीम के कुछ अफसरों और सहयोगी स्टाफ को भी अमेरिका का वीजा नहीं मिला। शुरुआती दोनों मुकाबलों के लिए खिलाड़ियों और स्टाफ को मैच से एक दिन पहले अमेरिका आना पड़ा और मैच के तुरंत बाद वापस मेक्सिको लौटना पड़ा। इस अरेंजमेंट की टीम के कोच और कप्तान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आलोचना भी की थी।

मैदान पर परफॉर्मेंस में नहीं आई कोई कमी
पॉलिटिकल टेंशन और यात्रा संबंधी परेशानियों के बावजूद अब तक ईरानी टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा है। टीम ने अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो बार पिछड़ने के बाद 2-2 से ड्रॉ खेला। इसके बाद बेल्जियम जैसी मजबूत टीम को 0-0 से ड्रॉ पर रोक दिया।
ग्रुप-जी में ईरान फिलहाल दूसरे स्थान पर है और गोल अंतर के आधार पर बेल्जियम से आगे है। अगर ईरान शुक्रवार (26 जून) को सिएटल में मिस्र को हरा देता है तो वह आसानी से नॉकआउट राउंड में पहुंच सकता है। ड्रॉ होने की स्थिति में भी ईरान का अगले दौर में पहुंचने का चांस बना रहेगा।

वर्ल्ड कप से हटने की भी चर्चा थी
ईरान और अमेरिका के बीच जंग छिड़ने के बाद रिपोर्ट्स थीं कि ईरानी टीम वर्ल्ड कप का बहिष्कार कर सकती है। उसके मैच अमेरिका के बाहर कराने को लेकर भी चर्चा थी। हालांकि आखिरी में ईरानी टीम तय प्रोग्राम के मुताबिक, अमेरिका में अपने सभी ग्रुप मुकाबले खेल रही है।
टीम ने पहले भी शिकायत की थी कि न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के कुछ घंटों बाद ही उसे वापस तिजुआना लौटना पड़ा, जबकि खिलाड़ी लॉस एंजिलिस में रात रुककर अगले दिन लौटने की उम्मीद कर रहे थे। अमेरिकी प्रशासन ने तब कहा था कि यह व्यवस्था पहले से तय थी और ईरानी टीम को इसकी जानकारी थी।
अब मिस्र के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले अमेरिका में दो दिन पहले एंट्री की परमिशन मिलने से ईरानी टीम को तैयारी के लिए ज्यादा समय मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें...

