कप्तान श्रेयस पहली बार T20I में टॉस हारे: इससे पहले लगातार 8 बार जीते; यश ठाकुर का इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू
Published: Updated:
2 min read

जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 में श्रेयस अय्यर टॉस हारे हैं। (फोटो- ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टी20 टीम के कप्तान बनने के बाद श्रेयस अय्यर ने शुरुआती 8 मैच में लगातार टॉस जीते। इसके बाद 9वें मैच में उन्होंने पहली बार टॉस हारा है। यह जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला रहा, जो शनिवार (25 जुलाई) को हरारे में खेला गया। इस मैच में तेज गेंदबाज यश ठाकुर को भी प्लेइंग-11 में जगह मिली।
इसके साथ ही यश ने इंटरनेशनल क्रिकेट में भी डेब्यू कर लिया है। यह उनके कॅरियर का पहला इंटरनेशनल मैच है। कप्तान श्रेयस ने इस मैच के लिए एक बदलाव किया। अशोक शर्मा की जगह यश को जगह दी।

जिम्बाब्वे में अब तक 24 भारतीयों का टी20 डेब्यू
वैसे देखा जाए तो सबसे ज्यादा 31 भारतीयों का टी20 में डेब्यू अपने ही देश में हुआ है। यदि विदेशी रिकॉर्ड देखा जाए तो सबसे ज्यादा 24 भारतीयों का T20I डेब्यू जिम्बाब्वे में हुआ है। इसके बाद दूसरा देश साउथ अफ्रीका है, जहां 21 भारतीयों का डेब्यू हुआ।

जबकि पाकिस्तान इस लिस्ट में नहीं है। यहां एक भी भारतीय प्लेयर का T20I डेब्यू नहीं हुआ है। इसका कारण है कि राजनीतिक तनाव और आतंकवाद के मुद्दे के चलते भारतीय टीम ने 2008 के बाद से पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। यही वजह भी है कि टीम इंडिया ने पाकिस्तान में एक भी टी20 नहीं खेला। ऐसे में डेब्यू की बात तो दूर की है।
यश ने IPL में 22 मैच खेले, 27 विकेट लिए
27 साल के यश ठाकुर ने IPL में अब तक 4 ही सीजन खेले हैं। वे दो टीम पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए ही खेले हैं। उन्होंने IPL में अब तक 22 मैच खेले, जिसमें 27 विकेट लिए।
हाल ही में यश को इंडिया-ए टीम में सिलेक्ट किया गया था। उन्होंने श्रीलंका-ए के खिलाफ 2 टेस्ट की 3 पारियों में 5 विकेट लिए थे। इससे पहले वनडे फॉर्मेट में श्रीलंका-ए के खिलाफ लिस्ट-ए मैच में 3 और अफगानिस्तान-ए के खिलाफ 2 विकेट लिए थे।

