ODI सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम भारत पहुंची: 27 सितंबर को पहला मैच; इंडिया के खिलाफ T20I सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम घोषित
Published: Updated:
4 min read

भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 2 बजे शुरू होगा। (फोटो सोर्स - ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडिया के खिलाफ 3 मैच की ODI सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम भारत पहुंच गई है। शाई होप की कप्तानी वाली टीम बुधवार (23 सितंबर) सुबह तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पहुंची। सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को इसी शहर के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे शुरू होगा।
गुवाहाटी-चंडीगढ़ में भी वनडे
भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का दूसरा ODI 30 सितंबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा। तीसरा मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा। वेस्टइंडीज टीम में जॉन कैंपबेल की वापसी हुई है। वहीं ज्वेल एंड्रयू को भी टीम में शामिल किया गया है। अकिम ऑगस्टे अभी चोट से रिकवर कर रहे हैं।

रोहित-कोहली पर नजरें
एशियन गेम्स 2026 के कारण भारत के कुछ व्हाइट-बॉल प्लेयर्स इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर प्लेयर्स पर नजरें रहेंगी। शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे। KL राहुल को वाइस कैप्टन बनाया गया है।
कहां देख सकेंगे मैच?
भारत-वेस्टइंडीज ODI सीरीज के सभी मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखे जा सकेंगे। वहीं Jio Hotstar पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग होगी।

T20I सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम घोषित
भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 वनडे और 5 टी20 की घरेलू सीरीज खेलनी है। इसके बाद न्यूजीलैंड दौरे पर 5 टी20 और 5 वनडे खेलने हैं। इसके लिए न्यूजीलैंड ने अपनी 16 सदस्यीय T20I टीम का ऐलान कर दिया है। व्हाइट-बॉल कप्तान मिचेल सेंटनर टीम की कमान संभालेंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेला जाएगा। 5 टी20 मैच 11 दिन में 4 अलग-अलग शहरों में होंगे।
टीम में 7 पेसर
न्यूजीलैंड ने स्क्वाड में 7 पेसर्स को जगह दी है। इनमें लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, जैकब डफी, एडम मिल्ने, जैक फाउल्क्स और नाथन स्मिथ शामिल हैं। एडम मिल्ने की लंबे समय बाद T20I टीम में वापसी हुई है। उन्होंने आखिरी बार न्यूजीलैंड के लिए जुलाई 2025 में खेला था। माइकल ब्रेसवेल की भी टीम में वापसी हुई है। वह चोट के कारण 2026 T20 वर्ल्ड कप नहीं खेल पाए थे।
ये भी पढ़े : 10 ओवर के मैच में भारत 2 रन से जीता: होस्ट जापान हारा- मैच में कुल 62 रन बने, 6 विकेट गिरे; बारिश ने खलल डाला

T20 वर्ल्ड कप की टीम के 13 खिलाड़ी शामिल
भारत के खिलाफ सीरीज के लिए चुनी गई टीम में T20 वर्ल्ड कप 2026 की न्यूजीलैंड टीम के 13 खिलाड़ी हैं। उस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड की टीम रनर-अप रही थी। मिचेल सैंटनर, फिन एलन, ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, डफी, फर्ग्यूसन, हेनरी, जैमीसन, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सेफर्ट और नाथन स्मिथ टीम में शामिल हैं।
रचिन रवींद्र सीरीज से बाहर
ऑलराउंडर रचिन रवींद्र भारत के खिलाफ T20I सीरीज में नहीं खेलेंगे। उन्हें 16 सितंबर को ऑकलैंड में एक प्रमोशनल शूट के दौरान दाएं कंधे में चोट लगी थी। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक रचिन की चोट में कोई बड़ा स्ट्रक्चरल डैमेज नहीं है।
हालांकि, उनकी रिकवरी को देखते हुए उन्हें इस सीरीज से बाहर रखा गया है। न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि टीम रचिन को लेकर निराश है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रचिन ODI सीरीज तक वापसी कर लेंगे।
ये भी पढ़े: एशियन गेम्स में इंडियन मेन्स टीम: 28 को पहला मैच; यहां हमारे 15 प्लेयर्स की प्रोफाइल

