इंडिया Vs पाकिस्तान के बीच फाइनल संभव: वुमन्स एशिया कप की 4 सेमीफाइनल टीमें तय, भारतीय टीम का मैच बांग्लादेश से; देखें शेड्यूल
Published: Updated:
2 min read

वुमन्स एशिया कप 2026 के ग्रुप मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 8.4 ओवर में 7 विकेट से हराया था। (फोटो- @BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स एशिया कप 2026 अब सेमीफाइनल में एंट्री कर चुका है। टूर्नामेंट की 4 सेमीफाइनलिस्ट टीमें तय हो गई हैं। यह भारतीय टीम, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश हैं। पहला सेमीफाइनल टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा।
इसके बाद दूसरा सेमीफाइनल पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होगा। ऐसे में यदि इंडिया और पाकिस्तान दोनों अपने-अपने मैच जीतती हैं, तो उनके बीच फाइनल होना तय हो जाएगा। ऐसे में एक बार फिर फैन्स को इंडिया-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला देखने को मिल सकता है।
ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को हराया
इसी वुमन्स एशिया कप में ग्रुप स्टेज में इंडिया और पाकिस्तान के बीच एक मैच हुआ था। इसमें हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को पहले 55 रन पर ऑलआउट किया। इसके बाद 8.4 ओवर में 7 विकेट से मैच जीत लिया। इस मुकाबले में हरमन ने पाकिस्तानी कैप्टन फातिमा सना से हैंडशेक नहीं किया था।

शेड्यूल
पहला सेमीफाइनल: 10 सितंबर - इंडिया Vs बांग्लादेश
दूसरा सेमीफाइनल: 11 सितंबर - पाकिस्तान Vs श्रीलंका
फाइनल: 13 सितंबर - दोनों सेमीफाइनल की विनर टीम के बीच
टीम इंडिया अब तक कोई मैच नहीं हारी
इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने अब तक एक भी मैच हारा नहीं है। ग्रुप स्टेज में टीम ने तीन मैच खेले और तीनों जीते हैं। इस दौरान थाईलैंड को 94 और हॉन्ग कॉन्ग को 137 रन से शिकस्त दी। जबकि पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था।
दूसरी ओर पाकिस्तानी टीम ने ग्रुप स्टेज में 3 में से 2 मैच जीते और एक हारा है। फातिमा सना की कप्तानी में टीम ने थाईलैंड को 35 और हॉन्ग कॉन्ग को 72 रन से हराया। जबकि भारतीय टीम के खिलाफ 55 रन पर ऑलआउट होकर मैच गंवा दिया।

