इंडिया Vs पाकिस्तान बॉक्सिंग मैच: कॉमनवेल्थ में जादुमनी का मुकाबला सुमामा से कल, देखिए कब-कहां देख सकेंगे मैच
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ग्लास्गो में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रविवार (26 जुलाई) को इंडिया और पाकिस्तान के एथलीट्स के बीच एक महामुकाबला देखने को मिलेगा। यह मैच बॉक्सिंग का रहेगा, जिसमें जादुमनी सिंह मंडेन्गबाम (Jadumani Singh Mandengbam) और पाकिस्तान के सुमामा रहमान (Sumama Rehman) के आमने-सामने होंगे।
स्कॉटलैंड के बॉक्सर को एकतरफा मैच में हराया
दरअसल, 22 साल के जादुमनी इस बार मेन्स बॉक्सिंग इवेंट के 55 किग्रा वजन कैटेगरी में उतरे हैं। उन्होंने राउंड ऑफ 32 में स्कॉटलैंड के आरोन कुलेन (Aaron Cullen) को हराया।
इस मैच के दौरान वहां मौजूद फैन्स ज्यादातर आरोन को ही सपोर्ट कर रहे थे। जादुमनी ने इस शोर पर ध्यान नहीं दिया और मैच पर फोकस किया। उन्होंने हर जज से परफेक्ट 10 स्कोर के साथ पहला राउंड जीता। दूसरे राउंड में भी उन्होंने यही प्रदर्शन दोहराया और 5-0 से जीत हासिल की।
रहमान की सेकंड राउंड में डायरेक्ट एंट्री
दूसरी ओर पाकिस्तानी बॉक्सर रहमान को पहले राउंड में मैच नहीं खेलना पड़ा था। उन्हें दूसरे राउंड में डायरेक्ट एंट्री मिली है। यहां उनका मैच जादुमनी से होगा।
जादुमनी पिछले साल नोएडा में हुए वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में 50 किग्रा कैटेगरी में उतरे थे। यहां उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था। इस बार वे कॉमनवेल्थ गेम्स में 55 किग्रा कैटेगरी में उतरे हैं।
कब-कहां मुकाबला देख सकेंगे
जादुमनी और रहमान के बीच मुकाबला रविवार (26 जुलाई) को होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.15 बजे से खेला जाएगा। फैन्स इस मुकाबले को TV चैनल सोनी स्पोर्ट्स पर देख सकते हैं। मोबाइल यूजर्स सोनी LIV एप पर मैच देख सकते हैं।

