इंडिया-बांग्लादेश सीरीज सितंबर में नहीं होगी: BCB अध्यक्ष तमीम ने कहा- ईरान टीम युद्ध के बीच अमेरिका में खेल सकती है तो हम भारत में क्यों नहीं?
Published: Updated:
3 min read

BCB के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने कहा कि बांग्लादेश को भारत जाकर टी20 वर्ल्ड कप खेलना चाहिए था। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने क्लियर कर दिया है कि टीम इंडिया सितंबर में बांग्लादेश दौरे पर नहीं आएगी और दोनों टीम के बीच ODI और T20I सीरीज नहीं होगी। तमीम ने कहा कि इस सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ मिलकर आगे नई विंडो तलाशी जा रही है। सीरीज सितंबर में नहीं होगी, लेकिन आगे होने की उम्मीद है।
दरअसल, इंडिया और बांग्लादेश के बीच रिश्ते मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने और बांग्लादेश टीम के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत नहीं आने के फैसले के बाद खराब हुए हैं।
इस पर तमीम ने कहा कि इन मामलों को बांग्लादेश सरकार को सही से हैंडल करना था। जब ईरान की फुटबॉल टीम युद्ध के बीच अमेरिका जाकर FIFA वर्ल्ड कप खेल सकती है, तो बांग्लादेश क्रिकेट टीम भारत में टी20 वर्ल्ड कप क्यों नहीं खेल सकती थी। युद्ध बड़ा मामला था, जबकि हमारा विवाद तो उसके आगे कुछ भी नहीं।
सीरीज के लिए नई विंडो तलाशी जा रही
तमीम ने यूट्यूब चैनल 'Not Out Norman' से कहा- यह (इंडिया के खिलाफ सीरीज) होगी या नहीं, यह अभी तय नहीं हुआ है। दोनों ही बोर्ड इस सीरीज को कराने के लेकर काफी गंभीर हैं और नई विंडो तलाश रहे हैं।
यदि मुझे पता होता कि सीरीज कराने के लिए नियत नकारात्मक है तो मैं आपसे कभी नहीं कहता कि देखतें हैं क्या होता है और हमें उम्मीद है। नियत एकदम सकारात्मक है।

इन मामलों से रिश्ते बिगड़े
बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद शेख हसीना की सरकार चली गई थी। उन्हें भारत में शरण लेनी पड़ी थी। इसके बाद बांग्लादेश में हिंदुओं पर काफी अत्याचार हुए। इसका विरोध भारत में हुआ और IPL में मुस्तफिजूर रहमान को खरीदने का भी विरोध हुआ था।
तब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम ने रहमान को रिलीज कर दिया था। इसके बाद BCB ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बांग्लादेश टीम को भारत नहीं भेजा था। यहीं से दोनों देशों के बीच क्रिकेट में रिश्ते खराब हुए।
बांग्लादेश को वर्ल्ड कप खेलना चाहिए था
इसको लेकर तमीम ने कहा- देखिए मुस्तफिजूर के मामले ने देश को निराश किया था। यह ठीक नहीं हुआ था, मैंने भी कई बार यह बात कही है। लेकिन हम वर्ल्ड कप खेलने जा रहे। ऐसे में यदि आप पहले ही ऐसी गलतियां कर दें कि जहां से लौटना मुश्किल हो तो समाधान नहीं निकल पाता है।
तमीम ने कहा- मुझे लगता है कि कुछ मामलों में खेल को खेल ही रहने देना चाहिए। हाल ही में कई सारी परेशानियां झेलनी पड़ी हैं। युद्ध के बीच में ईरान की टीम को अमेरिका में खेलने जाना पड़ा। मेरा मानना है कि यह चीज काफी बड़ी थी, बनिस्बत इसके (भारत से तनावपूर्ण रिश्ते), क्योंकि युद्ध चल रहा था।
BCB प्रेसिडेंट ने कहा- निश्चित रूप से हमें टी20 वर्ल्ड कप खेलना चाहिए था। हमें निश्चित रूप से बातचीत (भारत से) बेहतर तरीके से करनी चाहिए थी।

