टीम इंडिया सितंबर में बांग्लादेश जा सकती है: खेल मंत्री अमीनुल बोले- पिछली गलतियों को सुधारेंगे, गिले-शिकवे भी दूर कर लेंगे
Published: Updated:
3 min read

इंडिया और बांग्लादेश के बीच पिछली सीरीज अक्टूबर 2024 में हुई थी। तब भारतीय टीम ने घरेलू टी20 सीरीज 3-0 से जीती थी। (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम को पिछले साल यानी सितंबर 2025 में बांग्लादेश दौरे पर जाना था, जो तब टल गया था। यह दौरा इस साल अगस्त-सितंबर में होना है, जिसकी उम्मीद सबसे ज्यादा बांग्लादेश को ही है। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से इस पर अब तक कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है।
पिछली गलतियों को सुधारेंगे
बांग्लादेश के युवा और खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने मंगलवार (21 जुलाई) को कहा कि उनका देश सितंबर में भारतीय टीम की मेजबानी करने के लिए उत्सुक है। उनका मानना है कि खेल के जरिए दोनों देशों के बीच की दूरियों को कम किया जा सकता है।
अमीनुल ने कहा कि पिछली गलतियों को सुधारेंगे और टीम इंडिया के लिए सुरक्षा व्यवस्था को भी सख्त रहेगी। यहां गलती से मतलब भारत से रिश्ते बिगाड़ने से है। बांग्लादेश अब इस गलती को ठीक कर रिश्ते सुधारने पर फोकस कर रहा है। अमीनुल ने कहा कि भारतीय टीम यहां आएगी तो हम पुराने गिले-शिकवे भी दूर कर लेंगे।
दरअसल, इसी साल भारत की मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप हुआ था। तब बांग्लादेश की तत्कालीन यूनुस सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत नहीं भेजा था। तब ICC ने बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से ही हटा दिया था।
सितंबर में एक महीने की खाली विंडो
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने इस साल के शुरुआत में बताया भारतीय टीम के साथ सीरीज होने का ऐलान किया था। हाल ही में इसके लिए मीडिया राइट्स भी बेचने के लिए टेंडर जारी किया था, तब सीरीज होने की उम्मीद काफी ज्यादा हो गई थी। हालांकि बीच में खबर आई थी कि यह टेंडर रोक दिए गए हैं। इससे सीरीज पर संशय हो गया था।

हालांकि भारतीय टीम अगस्त में श्रीलंका दौरे पर 2 टेस्ट की सीरीज खेलेगी। इस दौरे पर टी20 सीरीज को शामिल नहीं किया गया। इस खबर से हिंट मिलता है कि बांग्लादेश दौरे पर सीरीज हो सकती है। श्रीलंका दौरे पर आखिरी वनडे 23 अगस्त को होगा। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज का पहला वनडे 27 सितंबर को होना है। इस बीच एक महीने की खाली विंडो में बांग्लादेश सीरीज हो सकती है।
बांग्लादेश को टीम इंडिया के आने की उम्मीद
अमीनुल ने पत्रकारों से कहा- मौजूदा सरकार स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी को बहुत ज्यादा अहमियत दे रही है। हमने भारतीय दूतावास से बात की है। अब सभी को सितंबर में भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे पर आने का इंतजार है।
उन्होंने आगे कहा- मुझे लगता है कि एक बार भारतीय टीम यहां आ जाएगी तो हम पुराने गिले-शिकवे भी दूर कर लेंगे, जो एक छोटी सी गलती की वजह से दोनों देशों के बीच हुए थे। उम्मीद करते हैं कि पड़ोसी देश (भारत) के साथ हमारी स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी, हमारे बीच कम्यूनिकेशन और मूवमेंट समेत बाकी सभी चीजें जारी रहेंगी।

