टीम इंडिया लगातार 3 सीरीज हारी: अब जिम्बाब्वे दौरा, श्रेयस की कप्तानी में 3 टी20 की सीरीज, देखिए शेड्यूल
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम लगातार तीन बाइलेटरल सीरीज हार चुकी है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में आयरलैंड और इंग्लैंड से टी20 सीरीज हारे। फिर शुभमन गिल की कप्तानी में इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज भी गंवा दी। अब भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर पहुंची है, जहां उसे श्रेयस की कप्तानी में 3 मैच की टी20 सीरीज खेलनी है।
इस सीरीज का पहला मैच गुरुवार (23 जुलाई) को खेला जाएगा। दूसरा मैच 25 और तीसरा 26 जुलाई को होगा। सभी मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारतीय समयानुसार शाम 4.30 बजे से खेले जाएंगे।
दोनों टीम के बीच 5वीं सीरीज
टीम इंडिया और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 4 बाइलेटरल टी20 सीरीज हुईं, जिसमें से इंडिया ने 3 जीती और एक ड्रॉ रही थी। सभी सीरीज जिम्बाब्वे में हुई हैं। जिम्बाब्वे टीम ने अब तक एक भी बार भारत में बाइलेटरल टी20 सीरीज नहीं खेली। अब दोनों टीम के बीच यह 5वीं टी20 सीरीज होगी।
दोनो टीमों के बीच आखिरी बाइलेटरल सीरीज 2024 में खेली गई थी। इसमें 5 मैच की T20 सीरीज खेली गई थी, जिसे टीम इंडिया ने 4-1 से जीता था।
संजू सीरीज से बाहर
जिम्बाब्वे सीरीज में कप्तान श्रेयस अय्यर ही रहेंगे। बड़ी बात ये है कि विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन को स्क्वॉड से बाहर किया गया है। जबकि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को बरकरार रखा है। रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है।
टी20 सीरीज के लिए इंडिया-जिम्बाब्वे के स्क्वॉड
भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
जिम्बाब्वे की टीम: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन करन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मदेवेरे, तदिवानाशे मारुमानी, वेलिंग्टन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डियोन मायर्स, रिचर्ड नगरावा, न्यूमैन न्यामहुरी, मिल्टन शुम्बा और तफाद्जवा त्सिगा।
इंडिया Vs जिम्बाब्वे टी20 सीरीज
पहला मैच: 23 जुलाई, हरारे
दूसरा मैच: 25 जुलाई, हरारे
तीसरा मैच: 26 जुलाई, हरारे

वीवीएस लक्ष्मण होंगे टीम इंडिया के कोच
जिम्बाब्वे दौरे और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण को दी है। लक्ष्मण सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के हेड हैं। जबकि गौतम गंभीर वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में टीम इंडिया की कोचिंग संभालेंगे।
दरअसल, एक ही समय में एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज सीरीज होगी। इसके चलते BCCI ने यह फैसला लिया है। लक्ष्मण के साथ पूर्व भारतीय स्पिनर सुनील जोशी बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। जबकि पूर्व भारतीय बैटर ऋषिकेश कानिटकर बैटिंग कोच होंगे। इसी तरह इससे पहले भी कई मौकों पर लक्ष्मण को भारतीय टीम का कोच बनाया गया था।

