न्यूजीलैंड से 12 मैच के लिए टीम इंडिया का ऐलान आज: प्रज्ञान ओझा की लीडरशिप में चुनी जाएगी टीम; ODI और T20I में बदलाव की उम्मीद कम
Published: Updated:
3 min read

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीता है। (फोटो- BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 टी20 की घरेलू सीरीज खेल रही है। इसके बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड दौरे पर 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक 12 इंटरनेशनल मैच खेलने रहेंगे। इसमें 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट की सीरीज रहेगी। इसके लिए भारतीय टीम का ऐलान आज या कल (6 या 7 अक्टूबर) को किया जा सकता है।
ODI और T20I टीम बदलाव की उम्मीद कम
अजीत अगरकर का बतौर चीफ सिलेक्टर कार्यकाल खत्म हो गया है। उनकी जगह प्रज्ञान ओझा को अंतरिम हेड बनाया गया है। उनकी लीडरशिप में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम चुनी जाएगी।
रिपोर्ट्स की मानें तो भारतीय ODI और T20I टीम चुन ली गई हैं, जिसका सिर्फ ऐलान करना बाकी है। इन दोनों ही टीम में बदलाव की उम्मीद कम है। ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से टेस्ट सीरीज काफी अहम मानी जा रही है, जिसके लिए टीम में कुछ बड़े फेरबदल हो सकते हैं।
6 फास्ट बॉलर टेस्ट टीम में हो सकते हैं
न्यूजीलैंड दौरे के लिए टेस्ट टीम में 16 या 17 खिलाड़ी हो सकते हैं, जिसमें 6 फास्ट बॉलर होने की उम्मीद है। इसमें आकाश दीप की टीम में वापसी हो सकती है। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार स्पेशलिस्ट पेसर हो सकते हैं। अंशुल कंबोज, आकिब नबी या मुकेश कुमार इनमें से कोई एक छठवें पेसर के रूप में टीम में सिलेक्ट किया जा सकता है। नीतीश कुमार रेड्डी बतौर पेस बॉलिंग ऑलराउंडर टीम में रहेंगे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर ही संभालेंगे। जबकि टेस्ट और ODI की कप्तानी शुभमन गिल ही करते नजर आएंगे। इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। साथ ही बैटिंग लाइनअप में भी बदलाव की उम्मीद ना के बराबर ही है।
न्यूजीलैंड में पिछली टेस्ट सीरीज 2020 में खेली थी
न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम को सबसे पहले टी20 सीरीज खेलनी है, जिसका पहला मैच 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में होगा। इसके बाद 5 वनडे की सीरीज होगी, जिसका पहला मैच 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। आखिर में दो टेस्ट की सीरीज होगी। पहला टेस्ट 19 नवंबर को वेलिंगटन में होगा।
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड दौरे पर आखिरी बार टेस्ट सीरीज 2020 में खेली थी। तब दो टेस्ट हुए थे और भारत को 0-2 से हार मिली थी।
इसके अलावा टीम इंडिया ने आखिरी बार न्यूजीलैंड दौरे पर 2022 में गई थी। तब टी20 और वनडे सीरीज खेली गई थी।

