हरमनप्रीत ने तीनों फॉर्मेट से कप्तानी छोड़ी: 2025 वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स में गोल्ड जिताया, मंधाना हो सकती हैं अगली कप्तान
Published: Updated:
3 min read

हरमन ने 51 वनडे में कप्तानी की, जिसमें से 30 जीते और 19 हारे हैं। 1-1 टाई और बेनतीजा रहा। टेस्ट में हरमन ने 5 में से 4 जीते और 1 हारा है। (फोटो- ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन वुमन्स क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अचानक एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने तीनों फॉर्मेट से कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। हरमनप्रीत की कप्तानी में ही भारतीय टीम ने वुमन्स वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीता था। हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड भी जीता।
हरमनप्रीत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कप्तानी छोड़ने की जानकारी दी है। माना जा रहा है कि अब उनकी जगह स्मृति मंधाना को कमान सौंपी जा सकती है। वे इस समय टीम की उपकप्तान भी हैं।

हरमन ने पोस्ट में लिखा-
- आज मैं सभी फॉर्मेट में इंडियन वुमन्स क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ रही हूं। मेरे लिए यह फैसला आसान नहीं है। मैंने इस टीम को अपना खून, पसीना और समय दिया है। कई बार अपनी निजी इच्छाओं का भी समर्पण किया है। कई बार मुझे अपना व्यक्तिगत प्रदर्शन और अपनी ग्रोथ को भी पीछे रखना पड़ा है, क्योंकि मेरा मानना था कि टीम सबसे पहले होनी चाहिए।
- एक कप्तान के तौर पर मुझे कई मुश्किल फैसले लेने पड़े। ऐसे फैसले, जिन्हें हमेशा समझा नहीं गया। जो हमेशा आसान नहीं थे और कई बार उनकी व्यक्तिगत कीमत भी चुकानी पड़ी,लेकिन मैंने हर फैसला सिर्फ एक इरादे से लिया। टीम को बेहतर बनाने के लिए और दूसरी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए।
- मैंने सबसे बुरे दौर देखे हैं। दिल टूटने वाले पल देखे हैं। आलोचना, सवाल और ऐसे दिन देखे हैं, जब कुछ भी हमारे फेवर में जाता हुआ नहीं लगा। मैंने सबसे अच्छे पल भी देखे हैं। जीत, जश्न, अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व और ऐसे पल, जिन्होंने हर त्याग को सही साबित किया।
- मैं आज कप्तानी छोड़ रही हूं। दिल में बहुत सारी भावनाएं हैं, लेकिन साथ ही सुकून भी है। क्योंकि मुझे सच में लगता है कि मेरी टीम एक अच्छी जगह पर है। इस टीम में टैलेंट है, कैरेक्टर है, भरोसा है और एक ऐसा भविष्य है, जिसे देखने और जिसका हिस्सा बने रहने के लिए मैं बेहद एक्साइटेड हूं।
- मुझे लगता है कि मैंने अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी है। मैंने इस टीम को अपना सब कुछ दिया। इस जिम्मेदारी को गर्व के साथ निभाया और भारतीय महिला क्रिकेट की कप्तानी करने का मौका मिलने के लिए हमेशा आभारी रहूंगी।
- अब मेरे लिए पन्ना पलटने का समय है। कप्तानी आज खत्म हो सकती है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए मेरा प्यार कभी खत्म नहीं होगा।
- मेरी हर साथी खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, BCCI, परिवार के सदस्यों और हर उस फैन का शुक्रिया, जो अच्छे और बुरे वक्त में मेरे साथ खड़ा रहा। कप्तानी खत्म। सफर जारी है।
कप्तानी का रिकॉर्ड
हरमन ने 51 वनडे में कप्तानी की, जिसमें से 30 जीते और 19 हारे हैं। 1-1 टाई और बेनतीजा रहा। टेस्ट में हरमन ने 5 में से 4 जीते और 1 हारा है। उनकी कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने 155 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें से 92 जीते और 57 हारे हैं। एक टाई और 5 बेनतीजा रहे।

