इंडिया-ए ने ट्राई सीरीज जीती: फाइनल में श्रीलंका को 66 रन से हराया, वैभव के 29 बॉल पर 94 रन
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया-ए टीम ने श्रीलंका दौरे पर ट्राई सीरीज अपने नाम कर ली है। बाकी दो टीमें श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए टीम भी थीं। फाइनल इंडिया और श्रीलंका के बीच रविवार (21 जून) को दाम्बुला में खेला गया। यह मैच भारतीय टीम ने 66 रन से जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। मैच के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने 29 बॉल पर 94 रन की पारी खेली। वैभव को ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इंडिया-ए टीम 377/9
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 377 रन बनाए थे। ओपनर वैभव ने 29 बॉल पर 94 रन की पारी खेली। इस दौरान 8 सिक्स और 10 चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 324.13 का रहा।
वैभव के अलावा कप्तान तिलक वर्मा ने 90 बॉल पर 67 रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड ने 40, प्रियांश आर्य ने 39, अनुकूल रॉय ने 39 और कुमार कुशाग्र ने 36 रन बनाए। श्रीलंका के लिए कुगथास मथुलन, रविन्दु फर्नांडो और वानुजा सहान ने 2-2 विकेट हासिल किए।
वैभव की 11 बॉल पर फिफ्टी
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मैच में 11 बॉल पर फिफ्टी पूरी की थी। वे लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले प्लेयर भी बन गए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
श्रीलंका-ए टीम 311/10 (47.1 ओवर)
378 रन के टारगेट के जवाब में श्रीलंका-ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 33 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे। मिडिल ऑर्डर्स में वानुजा सहान ने 62 और सदीरा समाराविक्रमा ने 52 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की।
विजयकांत ने 39 और कप्तान सहान अराचिगे ने 38 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। श्रीलंका-ए टीम 47.1 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हुई। टीम इंडिया के लिए विपराज निगम और यश ठाकुर ने 3-3 विकेट लिए। अनुकूल रॉय को 2 सफलता मिली। तिलक वर्मा और अशोक शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
मैच में दोनों प्लेइंग-11
इंडिया-ए टीम: प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, निशांत सिंधु, अनुकूल रॉय, विपराज निगम, अशोक शर्मा और यश ठाकुर।
श्रीलंका-ए टीम: निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, सदीरा समाराविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), रविन्दु फर्नांडो, वानुजा सहान, मोहम्मद शिराज, विजयकांत वियास्कंथ, दुलज समुदिथा और कुगथास मथुलन।

