इंडिया-पाकिस्तान के बीच मल्टीनेशन सीरीज संभव: ICC कर रहा विचार, इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया और UAE न्यूट्रल वेन्यू हो सकते हैं
Published:
3 min read

एशिया कप 2025 में इंडिया-पाकिस्तान के बीच फाइनल समेत 3 मैच हुए थे। सभी भारतीय टीम ने ही जीते थे। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) अगले फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) में मल्टी-नेशन सीरीज करने पर विचार कर रहा है। इसमें खासकर भारतीय टीम और पाकिस्तान को लेकर ट्राई और क्वाड्रीलेटरल (4 देशों के बीच) सीरीज हो सकती है। न्यूट्रल वेन्यू के लिए इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया और UAE बेहतर ऑप्शन हो सकते हैं।
ICC के सेमिनार में हो सकती है चर्चा
पाकिस्तानी ARY न्यूज के मुताबिक, FTP के लिए 22 और 23 सितंबर को दुबई में एक सेमिनार होना है। इससे पहले मल्टी-नेशन सीरीज करने पर विचार किया जा रहा है। इस सेमिनार ने 12 फुल मेम्बर और 8 एसोसिएट मेम्बर देश शामिल होंगे।
इस सेमिनार में ODI और T20I फॉर्मेट में बाइलेटरल की बजाय ट्राई और क्वाड्रीलेटरल सीरीज पर ज्यादा चर्चा हो सकती है। ज्यादातर देशों का मानना है कि बाइलेटरल की बजाय मल्टी-नेशन सीरीज से ज्यादा कमाई होगी। साथ ही क्रिकेट में भी रोमांच बढ़ेगा और दर्शक भी स्टेडियम तक भारी संख्या में लौटेंगे। हालांकि इंडिया-पाकिस्तान मैच में तो अब भी स्टेडियम लगभग फुल ही रहते हैं।

14 साल से इंडिया-पाकिस्तान के बीच सीरीज नहीं हुई
दरअसल, टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच जनवरी 2013 के बाद से कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं हुई है। दोनों टीमें सिर्फ ICC टूर्नामेंट और एशिया कप में ही आमने-सामने आती रही हैं। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) खुद आगे आकर इंडिया के खिलाफ सीरीज की मांग करता रहा है।
PCB ही लगातार ICC को सुझाव देता रहा है कि दोनों टीमों के बीच यदि बाइलेटरल सीरीज नहीं हो सकती तो ट्राई और क्वाड्रीलेटरल सीरीज ही करवा दी जाएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को भी न्यूट्रल वेन्यू पर इस तरह की कोई सीरीज से ऐतराज नहीं है। हालांकि इन खबरों पर अब तक BCCI का कोई बयान नहीं आया है।
कमर्शियली तौर पर सीरीज बेहद फायदेमंद
यदि कट्टर प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच ट्राई और क्वाड्रीलेटरल सीरीज होती है तो यह कमर्शियली तौर पर भी काफी फायदेमंद रहेगी। ब्रॉडकास्टर्स इसमें दिलचस्पी दिखाएंगे। स्पॉन्सरशिप भी अच्छी मिलने की उम्मीद रहेगी। इससे कंगाली हाल से गुजर रहे PCB को भी बूस्ट मिलेगा।

