हार्दिक के लिए CSK ने दिया 20 करोड़ का ऑफर: MI ने बदले में आयुष म्हात्रे को मांगा, दोनों IPL फ्रेंचाइजी के बीच ट्रेड अटकी
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2027 से पहले हार्दिक पंड्या की ट्रेड को लेकर हलचल मची हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) हर हाल में हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करना चाहती है। दूसरी ओऱ पंड्या के बदले में मुंबई इंडियंस (MI) ने आयुष म्हात्रे की मांग रख दी है। CSK ने इस मांग को साफ तौर पर ठुकरा दिया है और अब एक नया करोड़ों रुपये का ऑफर मुंबई के सामने रखा है। हालांकि, अब तक दोनों फ्रेंचाइजी की ओर से इस ट्रेड पर कोई बयान नहीं आया है।
IPl 2027 से पहले हार्दिक की ट्रेड सबसे बड़ी चर्चा का विषय बनी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक चेन्नई फ्रेंचाइजी काफी समय से हार्दिक को अपनी टीम में लाने की कोशिश कर रही है, लेकिन मुंबई इंडियंस अपने कप्तान और ऑलराउंडर को इतनी आसानी से छोड़ने के मूड में नहीं है।
आयुष म्हात्रे जरुरी है
बताया जा रहा है कि मुंबई इंडियंस ने हार्दिक के बदले 19 साल के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे के साथ कुछ रकम की मांग रखी थी। मुंबई का मानना है कि म्हात्रे भविष्य के बड़े खिलाड़ी हैं। हालांकि, चेन्नई ने यह शर्त मानने से इनकार कर दिया। टीम का मानना है कि आयुष म्हात्रे उनके फ्यूचर की प्लानिंग का अहम हिस्सा हैं और उन्हें किसी भी कीमत पर ट्रेड का हिस्सा नहीं बनाया जाएगा।
CSK ने दिया नया बड़ा ऑफर
रिपोर्ट के मुताबिक- आयुष म्हात्रे की जगह CSK ने मुंबई इंडियंस को नया ऑफर दिया है। इस ऑफर में साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस, भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे और 10 करोड़ रुपये शामिल हैं। माना जा रहा है कि इस पूरे पैकेज की कीमत 20 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बैठती है।

हार्दिक की कीमत अब भी क्यों इतनी ज्यादा है?
हार्दिक के लिए IPL 2026 सीजन खास नहीं रहा था। उन्होंने इस सीजन में 206 रन बनाए और सिर्फ 4 विकेट लिए। इसके बावजूद उनकी डिमांड कम नहीं हुई है, क्योंकि हार्दिक उन चुनिंदा खिलाड़ियों में हैं जो बैटिंग, बॉलिंग और कप्तानी तीनों भूमिकाएं निभा सकते हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि वह भारतीय खिलाड़ी हैं, इसलिए उन्हें खिलाने के लिए विदेशी खिलाड़ी का स्लॉट भी खर्च नहीं करना पड़ता।

क्यों ये डील अटकी हुई है?
फिलहाल दोनों टीमों के बीच कोई ऑफिशियल बातचीत या समझौता सामने नहीं आया है। मुंबई इंडियंस अपने सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक के बदले भविष्य को मजबूत करने वाला सौदा चाहती है, जबकि CSK आयुष म्हात्रे को छोड़ने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं है। यही वजह है कि दोनों टीमों के बीच मामला अटका हुआ है।
KKR भी नजर रखे हुए है
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अगर चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच हार्दिक पंड्या की ट्रेड नहीं हो पाती, तो कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और मौका मिलने पर हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश कर सकती है।

