रोनाल्डो एक्टिंग में डेब्यू करेंगे: ब्रिटिश फुटबॉल पर बन रही 'Day 1s' TV सीरीज; थिएरी हेनरी और डेमियन लुईस भी होंगे
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब एक्टिंग में भी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व स्टार रोनाल्डो नई ड्रामा सीरीज 'Day 1s' में एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर और खास रोल में नजर आएंगे। इस सीरीज में उनके साथ आर्सेनल के पूर्व फुटबॉलर थिएरी हेनरी भी दिखाई देंगे।
41 साल रोनाल्डो ने अपने कॅरियर में एक और बड़ा कदम उठाया है। वे अब टीवी ड्रामा की दुनिया में एंट्री करने जा रहे हैं। वह नई ब्रिटिश फुटबॉल ड्रामा सीरीज 'Day 1s' के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर होंगे और इसमें कैमियो रोल भी निभाएंगे।
ये भी पढ़ें: 39 साल के मेसी का रिटायरमेंट प्लान: अर्जेंटीना में ग्रैंड फेयरवेल मैच की तैयारी, 21 साल में देश के लिए 125 गोल किए
इस सीरीज के लिए मशहूर डायरेक्टर मैथ्यू वॉन (Matthew Vaughn) के साथ मिलकर काम किया जा रहा है, जो Kingsman जैसी फिल्में बना चुके हैं। रोनाल्डो ने इस नए प्रोजेक्ट को लेकर कहा- यह उनके लाइफ का एक नया चैप्टर है।
थिएरी हेनरी भी होंगे साथ
इस सीरीज की सबसे खास बात यह है कि रोनाल्डो के साथ उनके पूर्व प्रीमियर लीग साथी थिएरी हेनरी भी नजर आएंगे। दोनों फुटबॉल दिग्गज पहली बार किसी टीवी ड्रामा प्रोजेक्ट में साथ दिखाई देंगे, जिससे फुटबॉल फैंस में काफी उत्साह है।

क्या होगी कहानी?
Day 1s' की कहानी एक ताकतवर फुटबॉल एजेंट स्टैनली डाल्टन के इर्द-गिर्द घूमेगी। इस किरदार को हॉलीवुड अभिनेता डेमियन लुईस निभाएंगे, जिन्हें Homeland और Billions जैसी सीरीज के लिए जाना जाता है। कहानी का कॉन्सेप्ट फुटबॉल एजेंट डैरेन डीन ने तैयार किया है, जो थिएरी हेनरी के भी एजेंट हैं।

ब्रिटिश फुटबॉल की असली तस्वीर दिखाएगी सीरीज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीरीज में ब्रिटिश फुटबॉल की असली दुनिया, खिलाड़ियों, एजेंट्स और पर्दे के पीछे होने वाली गतिविधियों को गंभीर अंदाज में दिखाया जाएगा। इसकी शूटिंग बार्नेट FC के स्टेडियम में शुरू हो चुकी है।
स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए कई प्लेटफॉर्म्स कतार में
रिपोर्ट्स के मुताबिक- रोनाल्डो, हेनरी और मैथ्यू वॉन जैसे बड़े नामों के जुड़ने से इस सीरीज के स्ट्रीमिंग राइट्स खरीदने के लिए कई बड़े OTT प्लेटफॉर्म्स के बीच फाइट देखने को मिल सकती है। मनोरंजन जगत के जानकार इसे रोनाल्डो का अब तक का सबसे बड़ा टीवी प्रोजेक्ट मान रहे हैं।

