ब्राजील टीम कोलकाता के ग्राउंड से खुश नहीं : ढाका में ट्रेनिंग कर सकती है; 3 अक्टूबर को इंडिया Vs ब्राजील मुकाबला
Published: Updated:
4 min read

ब्राजील 3 अक्टूबर को कोलकाता में भारत के खिलाफ मैच खेलेगा।(फोटो सोर्स; सोशल मीडिया)।
स्पोर्ट्स डेस्क. ब्राजील की फुटबॉल टीम 3 अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में भारत के खिलाफ फ्रेंडली मैच खेलेगी। इस मैच से पहले ब्राजील ढाका में ट्रेनिंग करने के ऑप्शन पर विचार कर रहा है। 23 अगस्त को ब्राजील फुटबॉल फेडरेशन (CBF) की पांच लोगों की टीम ढाका पहुंची और वहां स्टेडियम, ट्रेनिंग ग्राउंड और होटल्स को देखा। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि ब्राजील की टीम ढाका में ट्रेनिंग करेगी या नहीं। यह चर्चा ऐसे समय में हो रही है, जब कोलकाता के ग्राउंड को लेकर भी चिंता जताई गई है।
ब्राजील ढाका में ट्रेनिंग क्यों करना चाहती है?
ब्राजील के लिए ढाका में ट्रेनिंग करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। टीम को 25 और 29 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टाउन्सविले और ब्रिस्बेन में मैच खेलने हैं। इसके बाद उसे भारत के खिलाफ मैच के लिए कोलकाता आना है। ऐसे में इन दोनों दौरों के बीच ढाका में रुककर ट्रेनिंग करने का विकल्प ब्राजील के पास रहेगा।
बांग्लादेश फुटबॉल फेडरेशन (BFF) के अध्यक्ष तबिथ अवल ने बताया कि ब्राजील के डेलिगेशन के साथ इस बारे में बात हुई है। उन्होंने कहा कि ढाका में ट्रेनिंग के अलावा बांग्लादेश के खिलाफ फ्रेंडली मैच खेलने की संभावना पर भी चर्चा हुई है। हालांकि, अभी किसी भी प्लान पर आखिरी फैसला नहीं हुआ है।

ब्राजील की टीम ने ढाका में क्या देखा?
ब्राजील की पांच सदस्यीय टीम ने 23 अगस्त को ढाका पहुंचकर नेशनल स्टेडियम, बशुंधरा किंग्स एरिना और कुछ होटलों का जायजा लिया। टीम ने मैदान की पिच और खिलाड़ियों के लिए मिलने वाली दूसरी सुविधाओं को भी देखा।
तबिथ अवल के मुताबिक, दोनों मैदानों की पिच ब्राजील की टीम के लिए ठीक मिली। हालांकि, ड्रेसिंग रूम, कोचिंग स्टाफ के लिए जगह और आने-जाने की सुरक्षा जैसी कुछ चीजों में सुधार की जरूरत है। दोनों देशों के फुटबॉल बोर्ड के बीच पिच सुधार, कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस और दूसरे फ्रेंडली मैचों को लेकर भी बातचीत हुई।

क्या बांग्लादेश के खिलाफ भी खेलेगा ब्राजील?
ब्राजील के बांग्लादेश के खिलाफ फ्रेंडली मैच खेलने की भी बात सामने आई है। यह मैच 5 या 6 अक्टूबर को हो सकता है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बांग्लादेश के सामने सबसे बड़ी दिक्कत उसका व्यस्त शेड्यूल है। उसकी टीम 24 सितंबर से 4 अक्टूबर तक इंडोनेशिया में FIFA ASEAN Cup खेलेगी। ऐसे में ब्राजील के खिलाफ मैच के लिए समय निकालना मुश्किल हो सकता है।
कोलकाता की पिच से ब्राजील क्यों परेशान?
ढाका में ब्राजील के डेलिगेशन का दौरा कोलकाता की पिच को लेकर चल रही चर्चा के बीच हुआ है। 3 अक्टूबर को भारत और ब्राजील का मुकाबला कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में ही होना है।
रिपोर्ट के मुताबिक- ब्राजील के डेलिगेशन ने पिच पर कम घास, कुछ जगहों पर असमान सतह और मैदान की देखभाल को लेकर चिंता जताई। खराब पिच खिलाड़ियों के लिए चोट का खतरा बढ़ा सकती है। ब्राजील की टीम में विनिसियस जूनियर जैसे बड़े खिलाड़ी आने की उम्मीद है, इसलिए मैच से पहले पिच को बेहतर करना जरूरी होगा।

भारत-ब्राजील मैच पर क्यों हो रहा विवाद?
भारत और ब्राजील का मुकाबला पिच के अलावा खर्च को लेकर भी चर्चा में है। भारत के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया ने ब्राजील को कोलकाता लाने पर कथित 50 से 70 करोड़ रुपये खर्च होने पर सवाल उठाए हैं।
भूटिया का कहना है कि इतना पैसा बंगाल के घरेलू फुटबॉल और नए खिलाड़ियों को तैयार करने पर खर्च किया जा सकता था। उन्होंने विरोध जताते हुए फैंस से मैच का बहिष्कार करने की अपील भी की है। इसी वजह से भारत-ब्राजील मैच को लेकर मैच से पहले ही काफी चर्चा शुरू हो गई है।
पहली बार बांग्लादेश जा सकती है ब्राजील की टीम
ब्राजील ने अब तक बांग्लादेश में कोई मैच नहीं खेला है। अगर टीम ढाका में ट्रेनिंग करती है या वहां बांग्लादेश के खिलाफ मैच खेलती है, तो यह वहां के फुटबॉल फैंस के लिए बड़ा मौका होगा। फिलहाल ब्राजील का तय कार्यक्रम ऑस्ट्रेलिया के बाद कोलकाता पहुंचने का है। ढाका में ट्रेनिंग करने का फैसला अभी होना बाकी है।

