बांग्लादेश की ऐतिहासिक जीत में 3 पेसर्स का त्याग: तस्कीन और हसन ने श्रीलंका लीग छोड़ी; इबादत ने फैमिली से पहले देश को चुना
Published: Updated:
4 min read

डार्विन टेस्ट में बांग्लादेश टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया। यह ऑस्ट्रेलिया में उसकी 3 टेस्ट में पहली जीत है। (फोटो- @cricketcomau)
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश टीम ने डार्विन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर बांग्लादेश की पहली टेस्ट जीत है। इसके साथ ही 26 साल की टेस्ट हिस्ट्री में भी यह उसकी सबसे बड़ी जीत में से एक रही।
इस जीत के पीछे सिर्फ रन और विकेट नहीं थे, बल्कि 3 पेसर्स का त्याग भी रहा। तस्कीन अहमद, इबादत हुसैन और हसन महमूद ने टीम के लिए अपनी पर्सनल कमिटमेंट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट तक को पीछे छोड़ दिया।
इबादत ने फैमिली से पहले देश को चुना
इबादत हुसैन के लिए यह फैसला काफी इमोशनल था। वह पहली बार पिता बनने वाले थे। इसी वजह से वह अपनी फैमिली के साथ इटली गए थे। लेकिन बांग्लादेश के पेस अटैक में नाहिद राणा और शोरिफुल इस्लाम की इंजरी ने टीम की मुश्किल बढ़ा दी। इसके बाद इबादत ने अपनी पैटरनिटी लीव बीच में ही खत्म कर दी।
उन्हें लंका प्रीमियर लीग (LPL) के लिए जाना था, लेकिन टीम के लिए वे 29 जुलाई को ढाका लौट आए। यहां से वे टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए। उनका फैसला टीम के काम आया। पहली पारी में उन्होंने मार्नस लाबुशेन को आउट किया। दूसरी पारी में एलेक्स कैरी का विकेट लिया।

तस्कीन ने LPL छोड़कर चुना टेस्ट क्रिकेट
तस्कीन अहमद के सामने भी बड़ा फैसला था। उनके पास लंका प्रीमियर लीग में खेलने का कॉन्ट्रैक्ट था। उन्हें BCB से NOC भी मिल चुका था। लेकिन तस्कीन ने LPL से हटने का फैसला किया। वजह थी ऑस्ट्रेलिया टेस्ट की तैयारी।
बांग्लादेश पहले ही जिम्बाब्वे में लगातार 6 मैच खेल चुका था। इसके बाद LPL के 4 और मैच खेलने पड़ते। इससे ऑस्ट्रेलिया जाने से पहले उन्हें रेस्ट और प्रिपरेशन का टाइम नहीं मिलता। तस्कीन ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट से मिलने वाले पैसों को छोड़ा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट को चुना। डार्विन में उन्होंने 3 विकेट लिए। पहली पारी में 13 रन भी बनाए। उनका फैसला सही साबित हुआ।

हसन ने बीच LPL से छोड़ा टूर्नामेंट
हसन महमूद का फैसला भी आसान नहीं था। वह इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने के बाद LPL पहुंचे थे। लेकिन बांग्लादेश का पेस अटैक इंजरी से परेशान था। नाहिद साइड स्ट्रेन की वजह से बाहर थे। शोरिफुल भी पहला टेस्ट नहीं खेल सके। ऐसे में हसन LPL को बीच में छोड़कर ऑस्ट्रेलिया लौट आए। और फिर उन्होंने डार्विन में कमाल कर दिया।
पहली पारी में हसन ने 55 रन देकर 6 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग लाइनअप बिखर गई। दूसरी पारी में उन्होंने 3 और विकेट लिए। मैच में कुल 9 विकेट के साथ हसन प्लेयर ऑफ द मैच बने।

अब बात डार्विन टेस्ट की करते हैं...
मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला किया और पहली पारी में 198 रन पर ऑलआउट हुई। स्टीव स्मिथ ने 71 रन की पारी खेली। बांग्लादेश के लिए हसन ने 55 रन देकर 6 विकेट लिए। तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन को 2-2 विकेट मिले।
बांग्लादेश ने पहली पारी में 426 का स्कोर बनाते हुए 228 रन की बढ़त बनाई। तंजिद हसन ने 197 बॉल पर 101 रन की पारी खेली। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 84 और मोमिनुल हक ने 49 रन बनाए। जोश हेजलवुड ने 6 विकेट लिए।
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम 284 रन ही बना सकी और पहली पारी की लीड उतारकर 57 रन का टारगेट सेट किया, जिसे बांग्लादेश ने 1 विकेट गंवाकर चेज किया। पेसर हसन महमूद प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 3 विकेट लिए।

