अन्वय द्रविड़ के 41 बॉल पर 85 रन, 5 सिक्स भी: सहवाग के बेटे की दिल्ली टीम 198 रन से हारी, दोनों U19 में कप्तानी भी संभाल रहे
Published:
2 min read

अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ 3 वनडे की घरेलू सीरीज खेली थी। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे इस समय अंडर-19 टूर्नामेंट वीनू मांकड ट्रॉफी में खेल रहे हैं। टूर्नामेंट के 43वें मैच में कर्नाटक की टीम ने दिल्ली को 198 रन से शिकस्त दी। कर्नाटक की कप्तानी राहुल के बेटे अन्वय द्रविड़ (Anvay Dravid) और दिल्ली की कप्तानी वीरू के बेटे आर्यवीर सहवाग (Aaryavir Sehwag) संभाल रहे हैं।
ये भी पढ़ें: धोनी के अगले IPL में खेलने की उम्मीद: CSK फ्रेंचाइजी के CEO ने कहा- माही चेन्नई पहुंचकर अपना फैसला बताएंगे
कर्नाटक 49 ओवर में 418 रन
यह मैच विशाखापट्टनम में खेला गया, जिसमें कर्नाटक ने पहले बैटिंग करते हुए 49 ओवर में 418 रन बनाए। अन्वय ने 41 बॉल पर 85 रन की नाबाद पारी खेली। इसमें 5 सिक्स और 7 चौके भी लगाए। स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा 207 का रहा।
कर्नाटक के लिए नीतीश आर्य ने 111 और ध्रुव कृष्णन ने 103 रन की पारी खेली। ओपनर रोहित रेड्डी ने 70 रन बनाए।
दिल्ली 41.1 ओवर में 220 रन
419 रन के टारगेट के जवाब में दिल्ली की टीम 41.1 ओवर में 220 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। अभिराज गगन ने 59 रन बनाए। कप्तान और ओपनर आर्यवीर सहवाग 35 बॉल में 32 रन ही बना सके। वे एक भी सिक्स नहीं लगा सके।
कर्नाटक के लिए ध्यान हिरेमठ ने शानदार बॉलिंग की और 8.1 ओवर में 19 रन देकर 5 विकेट लिए। ग्रुप ई में कर्नाटक की टीम 3 में से 2 मैच जीतकर टॉप पर है। दूसरी ओर दिल्ली आखिरी नंबर पर है। वो 3 में एक ही मैच जीत सकी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ U19 सीरीज भी खेले
हाल ही में भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ 3 वनडे की घरेलू सीरीज 3-0 से जीती थी। अन्वय और आर्यवीर भी इस सीरीज में खेले थे।
सहवाग के बेटे टॉप-5 स्कोरर में शामिल रहे थे। आर्यवीर 3 मैच में 109 रन बनाकर 5वें नंबर पर रहे। जबकि अन्वय ने 2 मैच में 47 रन बनाए। वे टॉप-10 से भी बाहर रहे थे।

