कैस अहमद के क्रैम्प पर कंट्रोवर्सी: पैर पकड़कर जमीन पर गिरे; T20 वर्ल्ड कप 2024 में गुलबदीन पर भी आरोप लगे थे
Published: Updated:
3 min read

नंबर-9 पर उतरे अफगानिस्तान के कैस अहमद ने नाबाद 49 रन की पारी खेली। (फोटो सोर्स - सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. अफगानिस्तान और बांग्लादेश (Afghanistan vs Bangladesh Test ) के बीच खेला गया अकेला टेस्ट ड्रॉ रहा। अफगानिस्तान ने आखिरी दिन अच्छी बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 346 रन बनाए। टीम को जीत के लिए 479 रन का टारगेट मिला था, लेकिन दिन का खेल खत्म होने तक वह 346 रन ही बना सकी।
इस मैच में अफगानिस्तान के सेदिकुल्लाह अटल ने 111 रन बनाए। वहीं, नंबर-9 पर उतरे कैस अहमद (Qais Ahmad) ने नाबाद 49 रन की पारी खेली। लेकिन कैस के क्रैम्प के कारण कंट्रोवर्सी भी हुई।
कैस अहमद के क्रैम्प पर कंट्रोवर्सी
मैच में 10 मिनट से कुछ ज्यादा समय बचा था। तभी कैस अहमद ने एक गेंद डिफेंड की। इसके बाद वह बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग पकड़कर जमीन पर गिर गए। अफगानिस्तान के फिजियो ने मैदान पर आकर उनका इलाज किया। बांग्लादेशी प्लेयर इस देरी से नाराज दिखे।
इस घटना की तुलना T20 वर्ल्ड कप 2024 के एक विवाद से होने लगी। उस समय अफगानिस्तान के गुलाबदीन नायब पर मैच के दौरान क्रैम्प का बहाना बनाने के आरोप लगे थे। उस मैच में भी अफगानिस्तान का सामना बांग्लादेश से था।
आखिरी ओवर में 2 सिक्स लगाए
कैस अहमद ने 80 बॉल पर नाबाद 49 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके शामिल रहे। उन्होंने यामिन अहमदजई के साथ मिलकर 8वें विकेट के लिए 45 रन जोड़े। कैस ने आखिरी ओवर में ताइजुल इस्लाम की बॉल पर सिक्स लगाया।
इसके बाद अगली 3 बॉल पर रन नहीं बनाया। फिर उन्होंने मिडविकेट के ऊपर एक और सिक्स जड़ दिया। उनकी बैटिंग ने अफगानिस्तान को हार से बचा लिया।
अटल ने 8 घंटे से ज्यादा बैटिंग की
सेदिकुल्लाह अटल ने 332 बॉल पर 111 रन बनाए। उन्होंने करीब साढ़े 8 घंटे बैटिंग की। वह टेस्ट की चौथी पारी में शतक लगाने वाले पहले अफगानिस्तानी बैटर बने। हशमतुल्लाह शाहिदी ने भी 36 रन बनाए। बांग्लादेश के ताइजुल इस्लाम और मेहदी हसन मिराज ने 3-3 विकेट लिए। इसके बावजूद टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।
ये भी पढ़े: IND vs WI 4th T20I आज: टीम इंडिया सीरीज जीतने उतरेगी, वैभव को आखिरी मैच में मौका देने की सलाह

आखिरी दिन अफगानिस्तान ने मैच बचाया
अफगानिस्तान ने आखिरी दिन 3 विकेट पर 132 रन से आगे खेलना शुरू किया था। टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 8 विकेट पर 346 रन बनाए। एक समय बांग्लादेश जीत के करीब दिख रहा था। अटल के आउट होने के बाद अफगानिस्तान के 7 विकेट गिर चुके थे। लेकिन लोअर ऑर्डर बल्लेबाज ने विकेट बचाए रखे।
कैस अहमद और जिया-उर-रहमान ने आखिरी समय तक बैटिंग की। इससे बांग्लादेश की जीत की उम्मीद खत्म हो गई और टेस्ट ड्रॉ रहा।

