पश्चिम बंगाल की 2 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कल : BJP के लिए पहली चुनावी परीक्षा; बड़ा मुद्दा- विपक्ष की जगह कौन लेगा
Published:
3 min read

नंदीग्राम और रेजीनगर में 6 अक्टूबर को वोटिंग होगी, और 9 अक्टूबर को काउंटिंग की जाएगी। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। यहां मंगलवार को वोट डाले जाएंगे। ये चुनाव TMC के 15 साल के शासन को खत्म करने के बाद BJP के लिए पहली चुनावी परीक्षा हैं। साथ ही इस चुनाव में कौन सी विपक्षी पार्टी उसकी मुख्य चुनौती देने वाली पार्टी बनकर उभरेगी। इसके भी संकेत मिल जाएंगे।
6 अक्टूबर को वोटिंग होगी, और 9 अक्टूबर को काउंटिंग की जाएगी। नंदीग्राम में TMC का कोई कैंडिडेट नहीं है, पार्टी ने कांग्रेस को समर्थन दिया है।
यह खबर भी पढ़ें
TMC प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया, CM सुवेंदु से की मुलाकात; अब दीदी कांग्रेस को समर्थन देंगी
BJP को मई में सत्ता संभालने के बाद से अपने कामकाज पर वोटरों की प्रतिक्रिया का शुरुआती संकेत मिल जाएगा। वहीं विपक्ष बिखरी हुई चुनावी स्थिति में अपनी जगह बनाने की कोशिश करेगा और विपक्षी पार्टी अल्पसंख्यक वोटरों की पसंद को भी समझने की कोशिश करेंगे।
कौन लेगा विपक्ष की जगह
पॉलिटिकल एनालिस्ट विश्वनाथ चक्रवर्ती ने कहा- ये मुकाबले इसलिए अहम हैं क्योंकि BJP के सत्ताधारी पार्टी के तौर पर उभरने से विपक्ष में एक नया राजनीतिक खालीपन हो गया है। सबसे बड़ा मुद्दा है BJP के खिलाफ विपक्ष की कौन जगह लेगा। उपचुनावों से हमें संकेत मिलेगा कि किस पार्टी में मुख्य चुनौती देने वाली पार्टी के तौर पर उभरने की क्षमता है।
विश्वनाथ के मुताबिक, BJP के सत्ता में आने के बाद ये पहला चुनाव है, उपचुनाव 4 महीने पुरानी सरकार के कामकाज पर कोई अंतिम फैसला तो नहीं कह सकते, लेकिन इनसे सरकार की वर्किंग और पॉलिसी को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया का शुरुआती संकेत जरूर मान सकते हैं। खासकर नंदीग्राम का मुकाबला बेहद अहम रहेगा।
यह खबर भी पढ़ें
रेजीनगर में TMC उम्मीदवार का यूटर्न: बोले- उपचुनाव लड़ूंगा; ममता से मुलाकात के बाद कहा था- नामांकन वापस ले रहा
नंदीग्राम से TMC में सत्ता के शिखर तक पहुंची
नंदीग्राम विधानसभा सीट ममता बनर्जी की राजनीति का केंद्र रही है। 2011 में जमीन विरोधी आंदोलन ने TMC को सत्ता के शिखर तक पहुंचाया है। हालांकि सुवेंदु अधिकारी ने 2021 में ममता बनर्जी को हराया था। 2026 में उन्होंने फिर से जीत दर्ज की। अब वह इस सीट को फिर से जीतना चाहते हैं।
BJP से चंद्रनाथ रथ की मां उम्मीदवार
नंदीग्राम में हसिरानी रथ BJP उम्मीदवार हैं, वह सुवेंदु अधिकारी के PA रहे चंद्रनाथ रथ की मां हैं। विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के 2 दिन बाद उनके बेटे की हत्या कर दी थी। बता दें, सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर से विधानसभा चुनाव लड़ा था। इसके बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई है। BJP ने रेजीनगर विधानसभा से सखाराव सरकार को टिकट दिया है।

