मुंबई में घर से मिले 3 भाई-बहनों के शव: पुलिस को सुसाइड का शक; मोबाइल में रिकॉर्ड वीडियो भी मिला
Published:
2 min read

बोलिंज पुलिस के मुताबिक, तीनों भाई-बहन किराए के घर में रह रहे थे। वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे।
नेशनल डेस्क. मुंबई के विरार की ग्लोबल सिटी में एक फ्लैट से तीन भाई-बहनों के शव मिले। पुलिस के मुताबिक, एक भाई कैंसर का इलाज करा रहा था और दूसरा पैरालिसिस से पीड़ित था। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की उम्र 52, 50 और 48 वर्ष बताई जा रही है। उनके मोबाइल में एक रिकॉर्डेड वीडियो मिला है।
पुलिस इसे सुसाइड केस मान रही है। अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग के रहवासियों ने फ्लैट से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी थी। बोलिंज पुलिस तड़के 2.30 बजे उनके फ्लैट पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। पुलिस को फ्लैट से 3 बॉडी डिकम्पोज स्थिति में मिली। बताया जा रहा है कि वह यहां पर किराए से रहते थे। हालांकि यह जानकारी सामने नहीं आ पाई है कि उनकी मौत कैसे हुई।
इस फ्लैट में 2025 से रह रहे थे तीनों
HT की रिपोर्ट के मुताबिक, बोलिंज पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर प्रकाश कवाले ने कहा- तीनों की बॉडी मिलने से 3 से 4 दिन पहले उनकी मौत हो चुकी थी। उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, दो भाई अपनी बहन के साथ 2025 से यहां पर रह रहे थे। एक भाई को पैरालिसिस था, दूसरे भाई का कैंसर का इलाज चल रहा था।
यह खबर भी पढ़े; महाराष्ट्र में अस्पताल में आग लगने से 3 नवजातों की मौत: वेंटिलेटर में ब्लास्ट के बाद लगी आग; हादसे के वक्त 39 बच्चे एडमिट थे
मोबाइल में पुलिस को एक वीडियो मिला
पुलिस ने कहा- तीनों भाई-बहन ने मोबाइल में एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया है। इसमें उन्होंने वीडियो में स्वास्थ्य और आर्थिक तंगी से जुड़ी बातें की हैं। पुलिस ने उनकी एक अन्य बहन से बात की है। उसने कहा- वह तीनों आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन्होंने उससे रोजमर्रा की जरुरतों और किराए के लिए 50 हजार रुपए मांगे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस इसे सुसाइड केस मान रही है।

