5G का रिचार्ज करवाते हैं, फिर भी नेटवर्क नहीं आते: UP में गांववालों ने टेलिकॉम कंपनी के टेक्नीशियन को टावर से बांधा; पुलिस ने छुड़वाया
Published:
2 min read

मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के हरदोली गांव का है।
नेशनल डेस्क. उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के हरदोली गांव से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां खराब नेटवर्क को लेकर गांववालों ने टेलिकॉम कंपनी के टेक्नीशियन को टावर से बांध दिया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स को कुछ गांववालों ने टावर में बांध रखा है। वीडियो रिकॉर्ड करने वाला व्यक्ति कहते दिख रहे हैं कि गांव में टावर होने के बावजूद नेटवर्क नहीं आते हैं। नेटवर्क को लेकर 2 साल से परेशान गांववालों ने ये कदम उठाया।
पुलिस ने की पुष्टि
पुलिस के मुताबिक, गांव के लोगों को लंबे समय से मोबाइल नेटवर्क की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। यहां जब टेक्नीशियन पहुंचा तो उसे देखकर गांव के लोगों की नाराजगी और बढ़ गई। गांववालों ने उसे टावर से बांध दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: धरमपुरी में टावर कंपनी की लापरवाही: बिना अनुमति पेड़ काटने का आरोप, बिजली के तारों पर टहनी गिरने से इलाके में मची अफरा-तफरी
शिकायत के बाद भी नहीं सुधरे नेटवर्क
ग्रामीणों ने शिकायत की है कि गांव में मोबाइल टावर होने के बावजूद लंबे समय से नेटवर्क की समस्या का सामना करना पड़ रहा है और कंपनी से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई हल नहीं हुआ। इसलिए उन्होंने टेक्नीशियन को टावर से बांध दिया। गांववालों ने कहा कि जब तक अधिकारी नहीं आएंगे और उनकी समस्या का समाधान नहीं हो जाता, वे उसे नहीं छोड़ेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि वे 5G रिचार्ज करा रहे हैं, इसके बावजूद इंटरनेट तो छोड़ो, खराब नेटवर्क के चलते कॉल भी नहीं कर पाते।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने टेक्नीशियन को छुड़वाया। टेक्नीशियन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

