धरमपुरी में टावर कंपनी की लापरवाही: बिना अनुमति पेड़ काटने का आरोप, बिजली के तारों पर टहनी गिरने से इलाके में मची अफरा-तफरी
Published:
2 min read

धरमपुरी में टावर कंपनी की लापरवाही से टूटा बिजली तार, बाल-बाल बचा इलाका।
धार। जिले के धरमपुरी में पुराना मनावर रोड स्थित सिंधी मोहल्ले में मोबाइल टावर के मेंटनेंस के दौरान बड़ा हादसा टल गया। टावर कंपनी के कर्मचारी पेड़ काटने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ बिजली के तारों पर जा गिरा। पेड़ गिरते ही बिजली के तार टूटकर नीचे आ गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बिजली सप्लाई चालू होने के दौरान काटा जा रहा था पेड़
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेड़ काटने से पहले न तो संबंधित विभाग से अनुमति ली गई और न ही बिजली विभाग को इसकी सूचना दी गई। लोगों के मुताबिक, जिस समय पेड़ काटने का काम चल रहा था, उस समय बिजली सप्लाई भी चालू थी।
पेड़ के बिजली तारों पर गिरने के बाद तार टूटकर सड़क और आसपास के इलाके में गिर गए। गनीमत रही कि उस समय कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करवाई।
टावर कंपनी के कर्मचारी ने बताई रस्सी टूटने की वजह
मामले में टावर कंपनी के इलेक्ट्रीशियन संदीप ने बताया कि राखी से पहले पेड़ काटने की परमिशन ली गई थी, लेकिन आज के काम के लिए अलग से परमिशन नहीं ली गई थी। उन्होंने बताया कि पेड़ को काटने के दौरान उसे नियंत्रित करने के लिए लगाई गई रस्सी टूट गई, जिसके कारण पेड़ अचानक बिजली के तारों पर गिर गया। कर्मचारी ने परमिशन से संबंधित लेटर होने की बात भी कही। उन्होंने यह भी बताया कि करीब आठ दिन पहले भी इसी जगह काम किया गया था।
स्थानीय लोगों ने जांच और कार्रवाई की मांग की
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने टावर कंपनी के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि कंपनी द्वारा सुरक्षा नियमों का ध्यान नहीं रखा जाता। उनका कहना है कि यदि बिजली सप्लाई बंद नहीं कराई जाती और पेड़ की चपेट में कोई व्यक्ति आ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
तौफीक खान, स्थानीय रहवासी
आजम शाह, स्थानीय
संदीप, टॉवर कंपनी टेक्नीशियन

