तेलंगाना विधानसभा में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे BJP विधायक: फसल बीमा योजना लागू करने की मांग, बोले- कांग्रेस और BRS वक्त बर्बाद कर रहे
Published:
3 min read

तेलंगाना में बीजेपी विधायकों ने आज MLA क्वार्टर्स से लेकर विधानसभा तक ट्रैक्टर रैली निकाली। (फोटो सोर्स: ANI)
नेशनल डेस्क। तेलंगाना विधानसभा के बाहर शुक्रवार (11 सितंबर) को राज्य में फसल बीमा योजना लागू करने के लिए BJP ने प्रदर्शन किया। BJP के विधायक ट्रैक्टर चलाकर MLA क्वार्टर से विधानसभा की ओर निकले। उनकी मांग थी कि राज्य सरकार को तेलंगाना में भी केन्द्र सरकार की किसानों के लिए लाई गई बीमा योजना को जल्द से जल्द लागू करना चाहिए।
वीडियो में नजर आ रहा है कि BJP विधायक ट्रैक्टर में बैठे हुए हैं और ट्रैक्टर पूरी तरह से पौधों और पीएम मोदी के पोस्टर से सजा हुआ है।
BJP बोली- कांग्रेस और BRS दोनों सदन का समय बर्बाद कर रहे
तेलंगाना में विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। ऐसे में BJP विधायकों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर सरकार पर इस मुद्दे को लेकर दबाव बनाने की कोशिश की। BJP का यह प्रदर्शन ऐसे वक्त में हुआ है, जब विधानसभा का मानसून सत्र कांग्रेस सरकार और विपक्षी BRS के बीच आरोप-प्रत्यारोप को लेकर भी चर्चा में है।
तेलंगाना BJP अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने गुरुवार को कांग्रेस और BRS दोनों पर विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप लगाने में लगी हैं और जरूरी मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पा रही है।
रामचंदर राव ने कहा कि विधानसभा में फीस रिइम्बर्समेंट जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस और BRS के बीच चल रही राजनीतिक लड़ाई के कारण सदन में कामकाज नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि BRS को डर है कि उसके 10 साल के शासन से जुड़े सवाल उठेंगे, जबकि कांग्रेस को अपनी सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर चर्चा होने का डर है।
200 करोड़ की जमीन का मामले पर जारी है BRS-कांग्रेस के बीच घमासान
तेलंगाना में 200 करोड़ की जमीन के एक मामले पर BRS और कांग्रेस आमने-सामने हैं। BRS के वर्किंग प्रेसिडेंट केटी रामा राव (KTR) ने कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि BRS विधायकों को विधानसभा से इसलिए सस्पेंड किया गया, ताकि वे सरकार से 200 करोड़ रुपए की जमीन डील को लेकर सवाल न पूछ सकें।
KTR का आरोप है कि यह जमीन मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भाई से जुड़ी एक कंपनी को दिए जाने से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि BRS विधायक जनता की तरफ से सवाल उठा रहे थे और सरकार नहीं चाहती थी कि ये सवाल विधानसभा में उठें।
KTR ने जमीन आवंटन को लेकर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर तेलंगाना का कोई युवा सिर्फ 1 लाख रुपए की पूंजी से कंपनी शुरू करता है, तो क्या सरकार उसे भी 200 करोड़ रुपए की जमीन देगी?
यह भी पढ़ें...

