चुनावों में धांधली हो रही: राहुल गांधी बोले- लोकतंत्र में एंटी-इंकम्बेंसी अचानक खत्म नहीं हो सकती
Published:
3 min read

राहुल गांधी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर CEC ज्ञानेश कुमार और मोदी सरकार को घेरा।
नेशनल डेस्क. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को दावा किया है कि उन्हें 100% यकीन है कि भारत में चुनाव में धांधली हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटों को काटना कानून बनाने के सिस्टम और लोकतांत्रिक संस्थानों पर हमला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एंटी-इंकम्बेंसी अचानक खत्म नहीं हो सकती।
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वोट चोरी के अपने दावों को दोहराते हुए CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। राहुल गांधी ने ये प्रेस कॉन्फ्रेंस इंडियन एक्सप्रेस की उस रिपोर्ट के बाद की, जिसमें दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधु और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीने में 14 बार मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों पर आपत्ति जताई।
ये भी पढ़ें: SIR पर मतभेद की रिपोर्ट पर EC की सफाई: आयोग ने कहा- अलग राय होना आम बात, फैसले तीनों चुनाव आयुक्त की सहमति से ही हुए
'भारत में एंटी-इंकम्बेंसी अचानक कैसे गायब हुई'
राहुल गांधी ने कहा- मुझे पूरा यकीन है कि चुनाव में धांधली हुई है। सभी चुनावों में धांधली हो रही है। उन्होंने पूछा- भारत में एंटी-इंकम्बेंसी अचानक कैसे गायब होती दिख रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का वीडियो भी दिखाया, इसमें वे कहते दिख रहे हैं कि बीजेपी 30 साल तक सत्ता में रहेगी।
'इंदिरा गांधी के खिलाफ भी एंटी-इंकम्बेंसी थी'
राहुल ने कहा- मैं राजनीतिक परिवार से आता हूं। कोई भी नेता ऐसे बयान नहीं दे सकता। उन्होंने कहा- एंटी इंकम्बेंसी लोकतंत्र की ऐसी ताकत है, जिसने हर सरकार पर असर डाला है। उन्होंने कहा- इंदिरा गांधी ने बांग्लादेश युद्ध जीता था। लेकिन इसके एक दो साल बाद ही उनकी सरकार के खिलाफ एंटी इंकम्बेंसी थी। यही तमाम नेताओं के साथ एक के बाद एक हुआ। क्षेत्रीय दलों के साथ भी ऐसा ही हुआ। लेकिन ये नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ नहीं हो रहा है।
नॉर्थ कोरिया में एंटी इंकम्बेंसी नहीं- राहुल
उन्होंने कहा- हम एक नेता की लोकप्रियता को समझ सकते हैं, सरकार के प्रदर्शन को समझ सकते हैं, लेकिन ये नहीं समझ पा रहे हैं कि कैसे एंटी इंकम्बेंसी गायब हो गई। नॉर्थ कोरिया में एंटी इंकम्बेंसी नहीं है। क्योंकि वहां लोकतंत्र नहीं है। हम यह जानना चाहते हैं कि ये कहां गई। अब हमें इसका उत्तर मिल गया है।
ये भी पढ़ें: कश्मीर से अयोध्या और फिर चुनाव आयोग तक: कौन हैं CEC ज्ञानेश कुमार, जिनके कार्यकाल पर उठ रहे सवाल
राहुल ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र को नष्ट नहीं होने देगी और चुप नहीं रहेगी। मोदी और शाह के खिलाफ चुनाव में धांधली की साजिश की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुना था और अब दो चुनाव आयुक्त उनसे सवाल पूछ रहे हैं।

