पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर का मर्डर: AAP सरकार पर बरसा विपक्ष, कहा- यहां ड्रग माफिया ताकतवर, नेता और पुलिस से सपोर्ट मिल रहा
Published:
3 min read

पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
नेशनल डेस्क। पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद सियासत गरमा गई है। मानसा में झोटा को गोली मारे जाने और अस्पताल में उनकी मौत के बाद कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और BJP ने भगवंत मान सरकार को घेरा है। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में नशा माफिया के हौसले बुलंद हैं और सरकार का नशे के खिलाफ अभियान जमीन पर असर नहीं दिखा पा रहा है।
वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। पार्टी के नेता बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब में किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं है।
कांग्रेस बोली- पंजाब में नेता, पुलिस और ड्रग माफिया के बीच गठजोड़
पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि दिनदहाड़े हुआ यह मर्डर राज्य की कानून-व्यवस्था और सरकार के 'युद्ध नशेयां विरुद्ध' अभियान की नाकामी दिखाता है। वड़िंग ने कहा कि झोटा नशे के खिलाफ लड़ रहे थे, लेकिन सरकार की ओर से उन्हें जरूरी सपोर्ट नहीं मिला।
कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा ने भी AAP सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झोटा की हत्या से पता चलता है कि राज्य में ड्रग माफिया कितने ताकतवर हैं। खैरा ने आरोप लगाया कि सरकार का नशा विरोधी अभियान सिर्फ प्रचार तक सीमित है और पंजाब में नेता, पुलिस और ड्रग माफिया के बीच गठजोड़ हावी है।
यह भी पढ़ें... CEC के खिलाफ राहुल गांधी की याचिका में 14 गलतियां!: कुछ वकालतनामे गायब, कुछ डॉक्यूमेंट धुंधले, कोर्ट फीस के 220 रुपए भी कम निकले
अकाली दल ने कहा- नशे के खिलाफ अभियान दिखावटी
शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया कि झोटा ड्रग डीलरों को कैमरे में रिकॉर्ड कर रहे थे, तभी उन्हें गोली मारी गई।
अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आरोप लगाया कि झोटा लगातार नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, लेकिन उनकी बात पर किसी ने ध्यान नहीं दिया और न ही उन्हें सरकार का साथ मिला।
बादल ने सरकार के 'युद्ध नशेयां विरुद्ध' अभियान को दिखावा बताते हुए कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है। उन्होंने इस घटना के लिए सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
यह भी पढ़ें... ये बेवकूफी की हद: विपक्ष के सुप्रीम कोर्ट मार्च पर पूर्व सॉलिसिटर जनरल साल्वे नाराज; कहा- कोर्ट को सियासी हथियार न बनाएं
BJP ने कहा- गैंगस्टर बेखौफ घूम रहे
BJP नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पंजाब में डर और अराजकता का माहौल है। उनके मुताबिक, पुलिसकर्मियों की हत्या हो रही है और परमिंदर झोटा जैसे आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि गैंगस्टर बेखौफ घूम रहे हैं।

