मोदी-शरद पवार की मुलाकात: महाराष्ट्र में सियासी हलचल; परिसीमन बिल पर साथ दे सकती है NCP (SP)
Published:
2 min read

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, NCP (SP) पार्टी कुछ शर्तों के साथ परिसीमन बिल का समर्थन करने पर विचार कर सकती है।
नेशनल डेस्क. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को NCP (SP) प्रमुख शरद पवार की पोती रेवती सुले के वेडिंग रिसेप्शन में पहुंचे। इस दौरान PM मोदी और शरद पवार की फोटो सामने आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब NCP (SP) ने FCRA यानी Foreign Contribution (Regulation) Act में प्रस्तावित बदलावों का विरोध किया है। हालांकि पार्टी इन मुलाकातों को महाराष्ट्र के विकास से जुड़ी हुई बताती है। NCP (SP) का कहना है कि इन मुलाकातों को पार्टी लाइन में बदलाव के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
परिसीमन को लेकर भी नजर
दरअसल, केंद्र सरकार संसद के इस सत्र में परिसीमन बिल लेकर आना चाहती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी कुछ शर्तों के साथ प्रस्ताव का समर्थन करने पर विचार कर सकती है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने कहा है कि सरकार जब तक बिल संसद में पेश नहीं करती, तब तक पार्टी अपना फाइनल स्टैंड तय नहीं करेगी।

जुलाई में भी हुई थी मोदी-पवार की मुलाकात
यह पहली बार नहीं है जब PM मोदी और शरद पवार की मुलाकात हुई हो। 22 जुलाई को जंतर-मंतर जाने के बाद शरद पवार और सुप्रिया सुले ने PM मोदी से मुलाकात की थी। उस बैठक में NEET पेपर लीक, किसानों से जुड़ी समस्याएं, पानी और शिक्षा जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी। बैठक के बाद शरद पवार ने कहा था कि प्रधानमंत्री ने उनके उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

क्या NCP (SP) का रुख बदल रहा
बार-बार होने वाली इन मुलाकातों के बाद कई सियासी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अभी तक NCP (SP) ने अपने पॉलिटिकल अलायंस या इंडिया ब्लॉक के रुख में किसी बदलाव का संकेत नहीं दिया है। पार्टी का कहना है कि PM से बातचीत का मकसद महाराष्ट्र और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना है। हालांकि खासकर परिसीमन बिल और FCRA जैसे मुद्दों पर NCP (SP) का आगे क्या रुख रहता है, यह देखने वाली बात होगी।
यह खबरें भी पढ़िए-
गद्दारों को सम्मान दे रहे: एकनाथ शिंदे से मुलाकात को लेकर शरद पवार पर भड़के संजय राउत, बोले- इससे हमें दुख पहुंचा
वे जो भी कहें, चिंता मत करो: मैं आपके साथ... ममता-उद्धव के बागी सांसदों से क्या बोले PM मोदी

