पेपर लीक केस- फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाएंगे: PM बोले- दोषियों को बख्शेंगे नहीं; राहुल ने कहा- आपने युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाया
Published: Updated:
2 min read

पीएम मोदी के बयान पर राहुल गांधी का पलटवार
नेशनल डेस्क. NEET पेपर लीक को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा देने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा।

पीएम मोदी का ये बयान ऐसे वक्त पर आया, जब NEET पेपर लीक के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और विपक्षी पार्टियां शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही हैं।
इससे पहले सरकार ने बुधवार को विपक्ष को भरोसा दिया था कि वह NEET के मुद्दे पर सदन में चर्चा के लिए तैयार है। हालांकि, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने साफ कर दिया कि धर्मेंद्र प्रधान पहले इस्तीफा दें, इसके बाद ही चर्चा की जाएगी।
पीएम मोदी पर राहुल का पलटवार
उधर, पीएम मोदी के बयान पर राहुल गांधी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा- आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आपने न सिर्फ हमारे एजुकेशन सिस्टम पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया - और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया।
छात्रों की मांगें साफ हैं:
1. धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं।
2. छात्रों से माफी मांगे।
3. छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।
NEET पर सड़क से संसद तक घमासान
NEET के मुद्दे पर सड़क से संसद तक घमासान जारी है। विपक्ष मानसून सत्र में दोनों सदनों में जमकर हंगामा कर रहा है और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
उधर, CJP ने भी इस मुद्दे पर जंतर-मंतर पर पिछले 1 महीने से आंदोलन जारी रखा है। 20 जुलाई को CJP ने संसद मार्च निकाला था। इस दौरान कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई थी। प्रदर्शनकारियों पर पत्थरबाजी करने का आरोप है। वहीं, पुलिस पर लाठीचार्ज समेत अत्याधिक बल का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है।
- राहुल गांधी ने भी 21 जुलाई को पीएम आवास के सामने धरना दिया था। उन्होंने भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।


