संसद में चंदा चोरी पर नाटक: सांसद पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज; धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
Published:
3 min read

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर INDIA ब्लॉक के सांसदों ने शुक्रवार (31 जुलाई) को संसद परिसर में नाटक करके विरोध प्रदर्शन किया।
नेशनल डेस्क. संसद में विरोध-प्रदर्शन को लेकर सांसद पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई। यह शिकायत सूर्या मैथिल नाम के व्यक्ति ने जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन में की है। जिसमें पप्पू यादव पर विरोध प्रदर्शन के दौरान धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता सूर्या मैथिल ने कहा- आज जिस प्रकार से पप्पू यादव ने भगवे का अपमान किया और जो नौटंकी उन्होंने संसद के बाहर किया उसमें राहुल गांधी, डिंपल यादव, अवधेश कुमार और INDI गठबंधन के अन्य सांसदों ने सहयोग किया। उसमें भगवान रामलला विराजमान की तस्वीर को भी पप्पू यादव ने पैरों में रख दिया।इससे सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसके खिलाफ जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
प्रदर्शन में शामिल सभी लोगों पर कार्रवाई की मांग
मैथिल ने कहा- मैं गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली पुलिस कमिश्नर, DCP नॉर्थ, DCP नॉर्थ वेस्ट, ACP जहांगीरपुरी और SHO जहांगीरपुरी से मांग करता हूं कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने इन सबके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए। सोचिए रामलला के फोटो वाले दानपत्र में जूते पहनकर दान कर रहे हैं, इससे बड़ा अपमान क्या हो सकता है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मैथिल ने इस कृत्य में शामिल सभी लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

संसद परिसर में पप्पू यादव ने किया था नाटक
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर INDIA ब्लॉक के सांसदों ने शुक्रवार (31 जुलाई) को संसद परिसर में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने एक नाटक किया, जिसमें कांग्रेस सांसद पप्पू यादव ने नकली साधु का वेश धारण कर चढ़ावा चोर की भूमिका निभाई। अन्य विपक्षी सांसद राम भक्तों की भूमिका में थे।
यह खबर भी पढ़े- संसद परिसर में 'चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगे: सपा सांसदों ने राम मंदिर दान चोरी मामले पर प्रोटेस्ट किया, राम गोपाल यादव बोले- जांच 1990 से होनी चाहिए
नाटक में दिखा कि एक ओर विपक्षी सांसद एक के बाद एक दान पेटी में पैसे चढ़ा रहे थे, वहीं पप्पू यादव दान पेटी से लगातार पैसे निकालकर अपनी जेब में रख रहे थे। इस दौरान सबसे मजेदार वाकया तब हुआ जब पप्पू यादव ने दान पेटी में पैसे डालने से पहले ही सांसदों के हाथों से नोट छुड़ाना शुरू कर दिया। वह दान पेटी को लेकर भागते हुए भी दिखे।
नाटक के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी राम भक्त के रोल में नजर आए। वह भी दान पेटी में पैसे डालते दिखे।
#WATCH | Delhi | Monsoon Session of the Parliament | Opposition MPs stage a protest over the issue of alleged Ayodhya Ram Mandir donations embezzlement pic.twitter.com/W3netnDNPI
— ANI (@ANI) July 31, 2026
संसद परिसर में हुए इस प्रदर्शन के दौरान माहौल बेहद मजेदार रहा। वहां मौजूद सांसदों, सुरक्षाकर्मियों और मीडिया के लोग ठहाके लगाते नजर आए।
संसद परिसर में हर दिन हो रहा प्रोटेस्ट
विपक्षी पार्टियां राम मंदिर में हुई दान की चोरी के मामले को लेकर लगतार केन्द्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार पर निशाना साध रही हैं। मानसून सत्र के दौरान हर दिन इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। विपक्ष की मांग है कि राम मंदिर के चढ़ावे में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। केन्द्र और राज्य सरकार पर इस मामले में यह भी आरोप लग रहे हैं कि इस केस में बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच SIT कर रही है। कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

