संसद परिसर में 'चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगे: सपा सांसदों ने राम मंदिर दान चोरी मामले पर प्रोटेस्ट किया, राम गोपाल यादव बोले- जांच 1990 से होनी चाहिए
Published:
2 min read

प्रोटेस्ट के दौरान अखिलेश यादव दान पेटी हाथ में लिए नजर आए।
नेशनल डेस्क। समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार (29 जुलाई) को संसद परिसर में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में पार्टी सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन करते हुए ‘चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। सांसदों ने इस पूरे मामले की हाई लेवल जांच की भी मांग की।
सपा सांसद हाथों में तख्तियां लेकर संसद पहुंचे और आरोप लगाया कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान और चढ़ावे में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई। पार्टी ने कहा कि यह करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि यह मुद्दा महज उत्तर प्रदेश का नहीं बल्कि देश और दुनिया भर के करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भगवान राम के नाम पर वोट तो मांगे, लेकिन मंदिर में आए दान को सुरक्षित नहीं रख सके।
रामगोपाल यादव ने कहा- राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी बहुत बड़ा मामला है। सरकार यह बताए कि चढ़ावे का पैसा कहां गया। जो रकम सामने आई है, वह केवल 45 से 50 दिनों की है, जबकि यह सिलसिला 1990 से चल रहा है। जब लालकृष्ण आडवाणी ने राम मंदिर आंदोलन के लिए रथ यात्रा निकाली थी, तब लोगों ने बड़ी मात्रा में नकदी और जेवर दान किए थे। उस समय से ही इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संसद के भीतर भी यह मुद्दा उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।
अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसियां पूरे मनी ट्रेल की पड़ताल कर रही हैं ताकि इस घोटाले से जुड़े सभी लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और कुछ बड़े खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें...

