नेपाल में डेड बॉडी की पहचान के लिए भारत DNA जांच में मदद करेगा: लापता लोगों के रिश्तेदारों की DNA प्रोफाइल बनेगी, नेपाल पुलिस से डेटा शेयर होगा
Published:
3 min read

नेपाल बाढ़ के बाद अभी भी 5 हजार से ज्यादा लोग लापता है। बड़ी संख्या में मलबे से शव निकाले जा रहे हैं, जिनकी पहचान नहीं हो पा रही है। इन शवों की पहचान के लिए DNA प्रोफाइलिंग हो रही है। (फोटो सोर्स: ANI)
नेशनल डेस्क। नेपाल में आई भयानक बाढ़ के बाद लापता लोगों की तलाश और शवों की पहचान के लिए भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है। भारत सरकार अब DNA प्रोफाइलिंग में नेपाल पुलिस की मदद करेगी।
भारत में रह रहे वे नेपाली लोग, जिनके करीबी रिश्तेदार लापता हैं, वे अब भारत में अपना DNA सैंपल दे सकते हैं। भारतीय लैबों में उनकी DNA प्रोफाइल तैयार होगी और फिर इसे नेपाल पुलिस के साथ शेयर किया जाएगा। नेपाल में अज्ञात शवों के DNA से इनका मिलान किया जाएगा।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि यह सुविधा भारत में रह रहे उन नेपाली और भारतीय लोगों के परिवारों के लिए है, जिनके परिजन 26 अगस्त को आई बाढ़ के बाद से लापता हैं।
कौन-कौन दे सकेंगे DNA सैंपल और कहां कलेक्ट होगा
लापता व्यक्ति के भारत में रहने वाले पहली पीढ़ी के रिश्तेदार, जैसे माता-पिता, बच्चे और भाई-बहन अपना DNA सैंपल दे सकेंगे। यह सैंपल भारत की Central Forensic Science Laboratories (CFSL), State Forensic Science Laboratories (SFSL), National Forensic Sciences University (NFSU) और DNA जांच की सुविधा वाले NABL-मान्यता प्राप्त लैब में दिए जा सकते हैं। इन्हीं सेंटरों पर DNA प्रोफाइल तैयार होगी।
नेपाल पुलिस के बताए तरीके से होगी DNA जांच
MEA के मुताबिक DNA प्रोफाइलिंग Autosomal STR method से की जाएगी। नेपाल में अज्ञात शवों की इसी मेथड से DNA प्रोफाइल तैयार हो रही है। नेपाल पुलिस ने भारत को इसी तरीके से DNA जांच करने की सलाह दी है।
DNA प्रोफाइल तैयार होने के बाद उसे जरूरी शुरुआती जानकारी के साथ नेपाल पुलिस को ईमेल किया जाएगा। नेपाल पुलिस इन प्रोफाइल का मिलान उन अज्ञात शवों से मिले DNA प्रोफाइल से करेगी, जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।

भारत सरकार ने इस काम के लिए नेपाल पुलिस का ईमेल भी साझा किया है। साथ ही DNA प्रोफाइल की एक कॉपी काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास को भी भेजी जाएगी। इस प्रोसेस में किसी तरह की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर (+977 9841 6160 95) भी दिया गया है।
अभी भी 5 हजार से ज्यादा लापता
नेपाल-तिब्बत बॉर्डर के पास हुआ बर्फ और चट्टानों के एवलॉन्च के कारण नेपाल में 26 अगस्त को भयानक बाढ़ आई और बड़े पैमाने पर तबाही हुई। नेपाल में अभी बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम 1,259 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 हजार से ज्यादा लोगों को बचाया गया है। करीब 5 हजार लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें...
26 तारीख और तबाही: भूकंप, सुनामी, बाढ़... आतंकी हमले; इस तारीख पर दुनिया ने कब-कब देखीं आपदाएं

