मुंबई में एयरहोस्टेस से रेप: ट्रांसजेंडर बनकर फ्लैट में घुसा, काले जादू से पति को ठीक करने का झांसा दिया; पानी छिड़का, सिर पर हाथ रखा और फिर…
Published:
3 min read

दोनों तस्वीरें आरोपी अनिल शिंदे की है। बाद वाली तस्वीर में वह ट्रांसजेंडर बना नजर आ रहा है। यह तस्वीर CCTV फुटेज के जरिए सामने आई है।
नेशनल डेस्क। मुंबई के पवई इलाके में 25 साल की एक एयरहोस्टेस से रेप का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को ट्रांसजेंडर के तौर पर पेश किया और महिला के घर में यह कहकर घुसा कि वह उसके अस्पताल में भर्ती पति को काला जादू की मदद से ठीक कर सकता है। आरोप है कि घर में घुसने के बाद उसने महिला का यौन शोषण किया और जाते वक्त उससे 200 रुपए भी ले लिए।
पुलिस ने इस मामले में 28 साल के अनिल शिंदे को गिरफ्तार किया। उसे बुधवार सुबह कलवा की एक झुग्गी बस्ती से पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि वह FIR दर्ज होने के करीब 4 घंटे के अंदर आरोपी तक पहुंच गई। उसके आने-जाने के रास्ते को ट्रेस करने के लिए 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
दरवाजा खुलवाने के लिए कई फ्लैट्स पर दस्तक दी
पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 12.20 से 12.50 बजे के बीच हुई। आरोपी ट्रांसजेंडर का रूप बनाकर पवई की एक बिल्डिंग में पहुंचा। उसने पहले सिक्योरिटी गार्ड का भरोसा जीता और फिर कई फ्लैट्स के दरवाजे खटखटाए।
इसके बाद जब एयरहोस्टेस ने अपने फ्लैट का दरवाजा खोला तो आरोपी ने दावा किया कि वह बुरी नजर और नकारात्मक असर को दूर कर सकता है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी को इसलिए अंदर आने दिया क्योंकि उसे लगा कि वह अस्पताल में इलाज करा रहे उसके पति की बीमारी ठीक करने में मदद कर सकता है।
यह भी पढ़ें... 20 रुपए की रिश्वत और 30 साल की कानूनी लड़ाई: सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात के 2 सरकारी कर्मचारियों को बरी किया; यहां पढ़ें पूरा किस्सा
पानी छिड़का, सिर पर हाथ रखा और फिर रेप
महिला ने आरोप लगाया कि घर में आने के बाद शिंदे ने उस पर पानी छिड़का, उसके सिर पर हाथ रखा और फिर उसका यौन शोषण किया। महिला का कहना है कि जब उसने शोर मचाया तो आरोपी वहां से निकल गया। हालांकि जाने से पहले उसने महिला से 200 रुपए भी लिए।
घटना के बाद महिला मंगलवार रात करीब 11 बजे पुलिस के पास पहुंची। उसकी शिकायत पर FIR दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की गतिविधियों को ट्रेस करते हुए उसे कलवा की झुग्गी बस्ती से पकड़ लिया।
DCP (वेस्ट जोन-3) दत्ता नलावड़े ने बताया कि आरोपी ने बुरी नजर हटाने का दावा किया था और घर में घुसने के बाद महिला का यौन शोषण किया।
यह भी पढ़ें... फांसी से ही होगी मौत की सजा: दूसरे तरीकों से डेथ पेनल्टी देने की याचिका खारिज; सुप्रीम कोर्ट ने कहा- सरकार चाहे तो बदलाव का रास्ता खुला
भीख मांगने वाले परिवार से होने का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शिंदे ने बताया कि उसका परिवार ट्रांसजेंडर का रूप बनाकर भीख मांगने का काम करता था। हालांकि पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपी पहले इस तरह की किसी और घटना में शामिल रहा है या नहीं।
आरोपी के खिलाफ रेप और धमकी देने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि काला जादू से जुड़ी धाराएं भी मामले में जोड़ी जा सकती हैं।

